भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर और दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा भले ही इस समय ठीक न हों, लेकिन उनकी हेल्थ प्रॉब्लम के बावजूद, वो सुर्खियों में छाए हुए हैं। अभी ये साफ नहीं है कि अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ मैच में खेलेंगे या नहीं, लेकिन पाकिस्तान में उनकी चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
हालांकि, इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर ने अभिषेक शर्मा को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जिसने क्रिकेट फैंस का पारा बढ़ा दिया है। आमिर ने एक लाइव टीवी शो पर अभिषेक को 'स्लॉगर' कह दिया। एक पाकिस्तानी चैनल पर बातचीत के दौरान, आमिर ने कहा कि अभिषेक के फेल होने के बहुत चांस हैं क्योंकि वो काफी हाई-रिस्क वाला क्रिकेट खेलते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने इंडिया स्टार की टेक्निकल काबिलियत पर भी सवाल उठाए।
पाकिस्तान के 'हारना मना है' शो में आमिर ने कहा, "मैंने जितना भी थोड़ा देखा है, अगर आप मुझसे ईमानदारी से पूछें तो मुझे लगता है कि वो सिर्फ एक स्लॉगर हैं। उन्हें हर बॉल पर कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। जिस दिन वो रन बना लेते हैं, ठीक है वरना, उनके फेल होने के चांस ज्यादा हैं। वो 8 इनिंग्स में एक बार रन बनाते हैं। वरना, उनके स्कोर 10, 15, 0, और 20 होते हैं। मुझे नहीं लगता कि वो टेक्निकली ठीक हैं।"
आमिर ने कहा कि अभिषेक को रोकने का सबसे अच्छा तरीका है कि उसे शरीर पर गेंद डाली जाए। आमिर ने आगे कहा, "वो बस वहीं खड़ा रहता है और चाहता है कि सभी गेंदें एक खास एरिया में फेंकी जाएं। ये मेरी ईमानदारी से दी गई राय है। मैं ये भी कह रहा हूं कि जिस दिन वो लय में आएगा, वो बड़ा स्कोर करेगा। वो दूसरी टीम को नुकसान पहुंचा सकता है लेकिन उसका गेम हाई-रिस्क वाला है। मैं उसे तभी सही बैटर मानूंगा जब मैं देखूंगा कि गेंद थोड़ी भी स्विंग हो रही है और वो उसे अच्छी तरह से टैकल करता है और उसी वेलोसिटी से स्मैश करता है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
आमिर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस काफी नाराज हैं और वो आमिर को काफी ट्रोल कर रहे हैं। बता दें कि अभिषेक पेट की समस्या के कारण नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे और वो पूरी फिटनेस हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पूरी तरह बाहर नहीं किया गया है और जिस तरह से वो रिकवर कर रहे हैं उसे देखकर लगता है कि वो पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगे।