चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 91) और रोहित शर्मा (59) की शानदार अर्धशतीय पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ यहां हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 215 रन बना लिए लेकिन वह अभी भी इंग्लिश टीम से 139 रन पीछे चल रहा है।

Advertisement

इंग्लैंड की पहली पारी आज 432 रन बनाकर ऑलआउट हुई और उसने 354 रनों की बढ़त हासिल की। स्टंप्स तक पुजारा 180 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 91 और कप्तान विराट कोहली 94 गेंदों पर छह चौकों के सहारे 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

इंग्लैंड की ओर से ओली रॉबिंसन और क्रैग ओवरटोन को अबतक एक-एक विकेट मिला है।

इंग्लैंड को पहली पारी में ऑलआउट करने के बाद उतरी टीम इंडिया ने संभल कर खेलना शुरू किया। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की भरपूर कोशिश की। इस बीच, ओवरटोन ने लोकेश राहुल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। राहुल ने 54 गेंदें खेल आठ रन बनाए।

दूसरे सत्र में पुजारा और रोहित ने भारतीय पारी को बखूबी संभाला और दोनों ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी की। लय में दिख रहे रोहित हालांकि, अर्धशतक बनाने के बाद रॉबिंसन की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 156 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए।

Advertisement

इसके बाद पुजारा ने कोहली के साथ पारी आगे बढ़ाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच दिन का खेल खत्म होने तक तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

इससे पहले, इंग्लैंड ने आज आठ विकेट पर 423 रन से आगे खेलना शुरू किया और ओवरटोन ने 24 और रॉबिंसन ने खाता खोले बिना पारी आगे बढ़ाई। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड के शेष दो विकेट जल्द गिराकर उसकी पहली पारी का अंत किया।

मोहम्मद शमी ने पहले ओवरटोन को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को नौंवां झटका दिया, जिन्होंने 42 गेंदों पर छह चौकों के सहारे 32 रन बनाए। इसके अगली ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रॉबिंसन को खाता खोले बिना आउट कर इंग्लैंड का आखिरी विकेट गिरा दिया। जेम्स एंडरसन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।

Advertisement

भारत की ओर से शमी ने चार विकेट लिए जबकि मोहम्मद सिराज, रवींद्र जडेजा और बुमराह को दो-दो विकेट मिला। 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार