The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड मेंस 2026 के इस मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) ने दमदार बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए वेल्श फायर (Welsh Fire) को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टिम सेफर्ट (Tim Seifert) और कप्तान जोस बटलर (Jos Buttler) की विस्फोटक पारियों ने इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
द हंड्रेड मेंस 2026 का 21वां मुकाबला बुधवार (5 अगस्त) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेल्श फायर ने निर्धारित 100 गेंदों में 4 विकेट के नुकसान पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया।
वेल्श फायर के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट और कप्तान फिल सॉल्ट ने शानदार ने पहले विकेट के लिए 83 गेंदों में 125 रन जोड़े। मैथ्यू शॉर्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 71 रन बनाए, जबकि फिल सॉल्ट ने 37 गेंदों में 48 रन की पारी खेली।
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से गेंदबाजी में गस एटकिंस ने 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि जोश टंग और पॉल वाल्टर को 1-1 सफलता मिली।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। टिम सेफर्ट और पॉल वाल्टर ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 74 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। पॉल वाल्टर 18 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद कप्तान जोस बटलर ने आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी।
बटलर और टिम सेफर्ट के बीच दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में नाबाद 87 रन की साझेदारी हुई, जिसने वेल्श फायर की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। टिम सेफर्ट ने 36 गेंदों में नाबाद 62 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। वहीं कप्तान जोस बटलर ने सिर्फ 20 गेंदों में नाबाद 51 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 2 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 69 गेंदों में ही 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 31 गेंदें शेष रहते 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
Also Read: LIVE Cricket Score
वेल्श फायर की ओर से गेंदबाजी में सिर्फ सैम कुक ही एकमात्र विकेट हासिल कर सके।