The Hundred Women's 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में बर्मिंघम फीनिक्स (Birmingham Phoenix Women) ने शानदार रन चेज करते हुए वेल्श फायर (Welsh Fire) को 7 विकेट से हरा दिया। 145 रन का पीछा करते हुए एलिस पेरी और एलिस कैप्सी की मैच जिताऊ पारियों ने बर्मिंघम फीनिक्स को 1 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का 15वां मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर बर्मिंघम फीनिक्स और वेल्श फायर के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर वेल्श फायर ने निर्धारित 100 गेंदों में 3 विकेट के नुकसान पर 144 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
वेल्श फायर को सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल और एला मैककॉहन ने पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। एला मैककॉहन 16 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन दूसरे छोर से जॉर्जिया वोल ने 55 गेंदों में 78 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इसके अलावा कप्तान सोफी डिवाइन ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए और टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से गेंदबाजी में एलिस कैप्सी ने 2 विकेट झटके, जबकि लिंसी स्मिथ को 1 सफलता मिली।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बर्मिंघम फीनिक्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम ने 35 रन के स्कोर तक डेविना पेरिन (2) और टैमी ब्यूमोंट (14) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद एलिस कैप्सी और कप्तान एलिस पेरी ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 86 रन की अहम साझेदारी की।
एलिस कैप्सी ने 29 गेंदों में 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं कप्तान एलिस पेरी ने एक छोर संभाले रखा और 46 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
वेल्श फायर की ओर से जॉर्जिया वोल, ग्रेस पॉट्स और जॉर्जिया वेयरहैम को ही 1-1 विकेट मिला सका।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह बर्मिंघम फीनिक्स ने 1 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से जीत हासिल कर ली।