The Hundred Women's 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के 14वें लीग मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स (Trent Rockets) ने 31 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेंट रॉकेट्स ने सोफिया डंकली और सोफी लफ की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 153 रन का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में एश्ले गार्डनर की शानदार गेंदबाजी के चलते मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) की टीम 122 रन पर सिमट गई।
ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर शुक्रवार (31 जुलाई) को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर ट्रेंट रॉकेट्स ने निर्धारित 100 गेंदों में 8 विकेट के नुकसान पर 153 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।
ट्रेंट रॉकेट्स की सलामी बल्लेबाज सोफिया डंकली और सोफी लफ ने दूसरे विकेट के लिए 51 गेंदों में 91 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डंकली ने 33 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि सोफी लफ ने 26 गेंदों में 51 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा आखिरी की कुछ गेंदों में जॉर्जिया एडम्स ने भी तेजी से 13 गेंदों में नाबाद 20 रन जोड़े।
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन ने 2 विकेट लिए। वहीं ग्रेस बैलिंजर, मैटलान ब्राउन और मैडी विलियर्स को 1-1 सफलता मिली।
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पूरी टीम 93 गेंदों में 122 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान मेग लैनिंग ने एक छोर से 24 गेंदों में 35 रन की पारी खेली। वहीं कैथरीन ब्राइस ने भी 19 गेंदों में 27 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे पाए और ट्रेंट रॉकेट्स ने यह मुकाबला 31 रन से अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
ट्रेंट रॉकेट्स के लिए एश्ले गार्डनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। चार्ली फिलिप्स और सामंथा बेट्स ने 2-2 विकेट झटके, जबकि जॉर्जिया एडम्स ने भी 1 सफलता हासिल की।