ZIM vs IND 2nd T20I: जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने न सिर्फ शानदार अर्धशतक जड़ा, बल्कि अपनी क्लास और टाइमिंग से जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की भी खूब खबर ली। इसी दौरान रिचर्ड नगारवा की एक तेज गेंद पर खेला गया उनका स्टाइलिश चौका भी देखने को मिला।
जिम्बाब्वे और भारत के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (25 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। टीम के लिए इशान किशन और तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई।
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए। उन्होंने इशान किशन के साथ चौथे विकेट के लिए सिर्फ 44 गेंदों में 94 रन की बेहतरीन साझेदारी की। तिलक ने अंत तक नाबाद रहते हुए 29 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
अपनी इस शानदार पारी के दौरान तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे के स्टार तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा की भी जमकर खबर ली। नगारवा ने हार्ड लेंथ पर ऑफ और लेग स्टंप की लाइन में तेज गेंद फेंकी, लेकिन तिलक ने शानदार फुटवर्क दिखाते हुए पहले खुद के लिए जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने बल्ले का फेस आखिरी समय में खोलते हुए गेंद को बड़ी खूबसूरती से फाइन लेग की दिशा में मोड़ दिया और गेंद तेजी से बाउंड्री लाइन पार कर गई।
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत के लिए तिलक वर्मा (60) के अलावा इशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली और इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।