आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में टिम डेविड (Tim David) ने ऐसा छक्का जड़ा, जिसके सामने चिन्नास्वामी स्टेडियम (Chinnaswamy Stadium) भी छोटा पड़ गया। गेंद सीधे स्टेडियम की छत पार कर बाहर जा गिरी और एक फैन ने उसे ढूँढकर इस पल को खास बना लिया।
रविवार (5 अप्रैल) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड ने अपनी पावर हिटिंग से हर किसी को हैरान कर दिया। इसी दौरान डेविड ने ऐसा गगनचुंबी छक्का लगाया, जो सीधे स्टेडियम के बाहर जा गिरा।
यह पूरा नजारा आरसीबी की पारी के 19वें ओवर में देखने को मिला, जब जेमी ओवरटन गेंदबाजी कर रहे थे। ओवरटन की आखिरी गेंद पर डेविड ने जबरदस्त पुल शॉट खेला और गेंद को डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से स्टेडियम की छत के पार पहुंचा दिया। यह छक्का करीब 106 मीटर लंबा था, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया।
गेंद स्टेडियम के बाहर सड़क पर गिरी, जहां मौजूद एक आरसीबी फैंस ने उसे ढूंढ लिया और इस पल को सेलिब्रेट करने लगा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें आरसीबी के कुछ फैंस इस खास ‘सुवेनियर’ को पाकर खुशी से झूमते नजर आए।
VIDEO:
अगर मैच की बात करें तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टिम डेविड ने 25 गेंदों में 70 रन की नाबाद तूफानी पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 48 रन की तेज़ पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 19.4 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई। सरफराज खान (50 रन), प्रशांत वीर (43 रन) और जेमी ओवरटन (37 रन) की पारियां भी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। इस तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 43 रन से बड़ी जीत दर्ज की और 4 अंकों के साथ अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।