नई दिल्ली, 17 मार्च| आमतौर पर देखा जाता है कि टीम की जीत का श्रेय बल्लेबाजों को दिया जाता है लेकिन इस रणजी ट्रॉफी सीजन की बात की जाए तो गेंदबाजों ने सौराष्ट्र को पहली बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। कप्तान जयदेव उनादकट इसकी बानगी हैं। उनादकट ने न सिर्फ सीजन में सबसे ज्यादा 67 विकेट चटकाए बल्कि सही समय पर अपनी गेंदों की उपयोगिता साबित कर टीम की खिताबी जीत की इबारत लिखी।

Advertisement

उनादकट के बाद दूसरे नंबर पर मेघालय के लेफ्ट आर्म स्पिनर संजय यादव रहे। हरियाणा की ओर से खेलने वाले तेज गेंदबाज हार्विक पटेल तीसरे नंबर पर रहे। हालांकि जो काम उनादकट अपनी टीम के लिए करने में सफल रहे वो संजय और हार्विक नहीं कर पाए। दोनों की टीमों-मेघालय और हरियाणा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। बावजूद इसके यह दोनों सीजन में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे।

Advertisement

28 वर्षीय उनादकट ने इस सीजन में कुल 10 मैच खेले। इसमें उन्होंने 13.23 की औसत से सर्वाधिक 67 विकेट चटकाए। भारतीय टीम के लिए एकमात्र टेस्ट मैच खेलने वाले उनादकट इस दौरान सात बार पांच या उससे ज्यादा और तीन बार 10 या उससे ज्यादा विकेट हासिल कर चुके हैं।

नॉकआउट मुकाबलों में भी उनादकट का अहम योगदान रहा। उन्होंने आंध्र के खिलाफ खेले गए क्वार्टर फाइनल में पहली पारी में चार विकेट लिए। यह मैच ड्रॉ रहा था और सौराष्ट्र सेमीफाइनल में पहुंच गई थी, जहां उसका सामना गुजरात से हुआ और उनादकट ने यहां भी कमाल की गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

कप्तान उनादकट ने सेमीफाइनल में पहली पारी में तीन और दूसरी पारी सात विकेट चटकाए तथा कुल 10 विकेट लेकर सौराष्ट्र को खिताबी मुकाबले में पहुंचाया। फाइनल में उन्होंने पहली पारी में दो विकेट अपने नाम किए।

उनादकट का फाइनल से ज्यादा शानदार प्रदर्शन सेमीफाइनल में रहा, जहां उन्होंने एक के बाद एक लगातार दो रिकॉर्ड तोड़े।

Advertisement

सेमीफाइनल समाप्त होने के बाद वह 65 विकेट हासिल कर चुके थे और जोकि रणजी ट्रॉफी के किसी एक सीजन में किसी भी तेज गेंदबाज द्वारा लिया गया सबसे ज्यादा विकेट था और उन्होंने इस मामले में डोडा गणेश के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पूर्व तेज गेंदबाज डोडा ने 1998-99 के रणजी ट्रॉफी सीजन में सबसे ज्यादा 62 विकेट लिए थे।

उनादकट ने साथ ही रणजी ट्रॉफी के किसी एक सीजन में किसी भी गेंदबाज द्वारा लिया गया सबसे ज्यादा विकेट के पूर्व लेफ्ट आर्म स्पिनर बिशन सिंह बेदी के 64 रिकॉर्ड को तोड़ा था।

उनादकट के इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर ही सौराष्ट्र ने अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीता।

Advertisement

उनादकट के बाद अगर किसी गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया तो वह रहे संजय यादव। मेघालय की ओर से खेलने वाले यादव ने सीजन के नौ मैचों की 15 पारियों में 12.65 के औसत से कुल 55 विकेट अपने नाम किए।

इस दौरान उन्होंने पांच बार पांच या उससे ज्यादा जबकि तीन बार 10 या उससे ज्यादा का विकेट लेने का कारनामा किया। यादव की टीम मेघालय हालांकि नॉकआउट में नहीं पहुंच सकी। टीम ने नौ मैचों में पांच जीते और तीन ड्रॉ भी खेले।

हरियाणा के हार्विक पटेल भी टीम से इतर बेहतरीन प्रदर्शन करने में सफल रहे। तेज गेंदबाज हार्विक ने नौ मैचों की 17 पारियों में 14.48 के औसत से 52 विकेट हासिल किए। हार्विक ने इस सीजन में चार बार पांच या उससे ज्यादा जबकि एक बार 10 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कीर्तिमान स्थापित किया।

Advertisement

इन तीनों गेंदबाजों के अलावा सर्विसेस के दिवेश पठानिया नौ मैचों में 50 विकेट के साथ चौथे और त्रिपुरा के मणिशंकर मुरासिंह नौ मैचों में 49 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर रहे।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार