एशिया कप टी20 के टॉप-5 हाईएस्ट स्कोर, विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर, भारत का यह स्टार भी है शामिल
एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से यूएई में होने जा रहा है और इससे पहले फैंस पुराने रिकॉर्ड्स को भी जानना चाहेंगे। इस टूर्नामेंट ने कई यादगार पारियां दी हैं, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने दमदार शॉट्स और शानदार स्ट्रोकप्ले से इतिहास रच डाला। चाहे विराट कोहली का करिश्माई शतक हो या रोहित शर्मा की क्लासिक पारी ये पारियां आज भी क्रिकेट फैंस के दिलों में ताज़ा हैं। आइए नजर डालते हैं एशिया कप टी20 इतिहास की टॉप-5 सबसे बड़ी पारियों पर।
5. सब्बीर रहमान – 80 रन बनाम श्रीलंका (2016, मीरपुर)
बांग्लादेश के बल्लेबाज़ सब्बीर रहमान ने 2016 एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ शानदार 80 रन की पारी खेली थी। 54 गेंदों में 10 चौकों से सजी यह पारी दबाव में खेली गई थी। उनकी बल्लेबाज़ी की बदौलत बांग्लादेश ने 147 रन बनाए और श्रीलंका को 23 रन से हराया। इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच मिला।
4. रोहित शर्मा – 83 रन बनाम बांग्लादेश (2016, मीरपुर)
भारतीय टीम के वनडे कप्तान रोहित शर्मा का नाम बड़े मौकों पर चमकने के लिए मशहूर है। 2016 एशिया कप के ओपनिंग मैच में रोहित ने 55 गेंदों पर 83 रन की पारी खेली, जिसमे 7 चौके 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने पहले पारी संभाली और फिर आसानी से गियर बदला, चौके-छक्कों से स्कोरिंग तेज की। उनकी पारी से भारत ने 166/6 रन बनाए और 45 रन से मैच जीत लिया।
3. रहमानुल्लाह गुरबाज़ – 84 रन बनाम श्रीलंका (2022, दुबई)
अफगानिस्तान के ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 2022 एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ 45 गेंदों में 84 रन ठोक डाले। उनकी पारी में 6 छक्के शामिल थे। हालांकि अफगानिस्तान यह मैच 4 विकेट से हार गया, लेकिन गुरबाज़ ने अपने आक्रामक खेल से सभी को प्रभावित किया।
2. बाबर हयात – 122 रन बनाम ओमान (2016, क्वालिफायर)
क्वालिफायर मैच में हांगकांग के बाबर हयात ने 60 गेंदों पर 122 रन की धुआंधार पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे। फुल-मेंबर टीम का हिस्सा न होने के बावजूद हयात की यह पारी एशिया कप इतिहास की सबसे यादगार पारियों में से एक है।
Also Read: LIVE Cricket Score
1. विराट कोहली – 122 रन बनाम अफगानिस्तान (2022, दुबई)*
एशिया कप T20I का सबसे बड़ा स्कोर विराट कोहली के नाम है। 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने नाबाद 122 रन बनाए। 61 गेंदों की इस पारी में 12 चौके और 6 छक्के शामिल थे। यह वही पारी थी जिसमें विराट ने एक लंबे अंतराल बाद अपना 71वां इंटरनेशनल शतक पूरा किया और आलोचकों को करारा जवाब दिया। भारत ने 212 रन बनाए और अफगानिस्तान को 111 पर समेटकर 101 रन से बड़ी जीत दर्ज की।