मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क ने टेक्सास सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। इस मुकाबले में अनुभवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल दिखाया।
सोमवार (22 जून) को खेले गए लीग स्टेज के इस सातवें मुकाबले में बोल्ट ने न सिर्फ गेंद से शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि मैदान पर अपनी फील्डिंग से भी सभी को प्रभावित किया। टेक्सास सुपर किंग्स की पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने अम्शी डी सिल्वा को शानदार डायरेक्ट हिट के जरिए रन आउट कर दिया।
यह नजारा पारी के 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर देखने को मिला। अम्शी डी सिल्वा ने गेंद को हल्के हाथों से बोल्ट के बाईं ओर खेला और तेजी से एक रन चुराने की कोशिश की। हालांकि, बोल्ट पूरी तरह सतर्क थे। उन्होंने तेजी से दौड़ लगाई, एक हाथ से गेंद उठाई और बिना समय गंवाए गेंदबाज एंड की ओर सटीक थ्रो कर दिया।
बोल्ट का थ्रो सीधे स्टंप्स पर जाकर लगा और अम्शी डी सिल्वा क्रीज से काफी दूर रह गए। इस शानदार रन आउट के साथ अम्शी डी सिल्वा को बिना खाता खोले वापिस लौटना पड़ा और टेक्सास सुपर किंग्स की पारी 19.2 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। बोल्ट की इस फील्डिंग की खिलाड़ियों और कमेंटेटर्स ने भी जमकर तारीफ की।
VIDEO:
अगर मैच की बात करें तो पहले बल्लेबजी करते हुए टेक्सास सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। टीम के लिए शुभम रंजने ने 36 गेंदों में 49 रन और मिलिंद कुमार ने 38 गेंदों में 39 रन ने कुछ उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे पाया।
एमआई न्यूयॉर्क के लिए ट्रेंट बोल्ट ने 3 विकेट लेकर शीर्ष क्रम को झकझोर दिया, जबकि कॉर्बिन बॉश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 29 रन देकर 4 विकेट चटकाए और टेक्सास को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई न्यूयॉर्क की शुरुआत शानदार रही। विकेटकीपर बल्लेबाज मोनांक पटेल ने 34 गेंदों में 46 रन की अहम पारी खेली, जबकि कप्तान निकोलस पूरन ने 46 गेंदों में 68 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। पूरन अंत तक नाबाद रहे और उनकी पारी की बदौलत एमआई न्यूयॉर्क ने 14 गेंद शेष रहते 2 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।