Yastika Bhatia Unwanted Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 25 साल की विकेटकीपर बल्लेबाज़ यास्तिका भाटिया (Yastika Bhatia) बीते शनिवार, 30 मई को इंग्लैंड के सामने दूसरे टी20 मुकाबले (ENG-W vs IND-W 2nd T20) में बैटिंग करते समय काफी संघर्ष कर रही थीं जिस वज़ह से उन्हें 36 गेंदों पर 33 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड आउट होकर वापस पवेलियन लौटना पड़ा। गौरतलब है कि इसी के साथ उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, यास्तिका भारतीय महिला टी20 इंटरनेशनल के 20 साल के इतिहास की ऐसी पहली खिलाड़ी बन गईं हैं, जो कि किसी मुकाबले में रिटायर्ड आउट हुईं हैं। ध्यान दें कि टीम इंडिया साल 2006 से इंटरनेशनल लेवल पर ये फॉर्मेट खेल रही है और यास्तिका से पहले किसी भी खिलाड़ी को रिटायर्ड आउट होकर वापस पवेलियन नहीं आना पड़ा।
इतना ही नहीं, यास्तिका दो फुल मेंबर टीमों के बीच खेले गए वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में भी रिटायर्ड आउट होने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं, यानी ये अनचाहा रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया है। एक बार फिर बता दें कि ब्रिस्टल टी20 में बाएं हाथ की बल्लेबाज़ यास्तिका रन बनाने में संघर्ष कर रही थी जिस वज़ह से उन्हें रिटायर्ड आउट होकर वापस पवेलियन लौटना पड़ा।
ऐसा रहा मैच का हाल: टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लिश कैप्टन चार्ली डीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद उन्होंने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए फ्रेया कैंप ने मैदान पर अपनी बैटिंग से तूफान उठाया और 13 गेंदों पर 300 की स्ट्राइक रेटसे नाबाद 39 रन ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में भारतीय टीम अपने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 142 रन ही जोड़ पाई और ऐसे इंग्लैंड ने 26 रनों से ये मुकाबला जीता। मेहमान टीम के लिए यास्तिका भाटिया (36 गेंदों पर 33 रन) और स्मृति मंधाना (25 गेंदों पर 32 रन) ने सर्वाधिक रन जोड़े। दूसरी तरफ इंग्लैंड के लिए फ्रेया कैंप, चार्ली डीन और लॉरेन बेल ने 2-2 विकेट झटके। अब ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर खड़ी है।