Syed Mushtaq Ali Trophy 2026: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने शनिवार (14 नवंबर) को महज 15 साल की उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में बिहार की कप्तानी संभालकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया। वह इस टूर्नामेंट में बिहार की कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि, कप्तानी की शुरुआत के साथ ही वैभव का एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने फैंस को भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की याद दिला दी।
वैभव ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद वैभव से टीम के कॉम्बिनेशन और प्लेइंग इलेवन के बारे में पूछा गया, तो वह थोड़े असहज नजर आए। दरअसल, उन्हें टीम का कॉम्बिनेशन ठीक से याद नहीं आ रहा था। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मुझे लगता है सर, मैं भूल गया हूं।" उनका यह जवाब सुनकर फैंस को रोहित शर्मा की याद आ गई, जो कई बार टॉस के दौरान टीम में किए गए बदलाव और खिलाड़ियों के नाम को लेकर उलझते नजर आए हैं।
VIDEO:
हालांकि, मैदान पर उनकी बल्लेबाजी इस बार कुछ खास नहीं रही और वह अपनी टीम को अच्छी शुरुआत भी नहीं दिला सके। सौराष्ट्र के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान वैभव सूर्यवंशी भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी इस छोटी पारी में उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।
वैभव के जल्दी आउट होने के बाद बिहार का बाकी बल्लेबाजी क्रम भी सौराष्ट्र के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाया और टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 137 रन ही बना सकी।
Also Read: LIVE Cricket Score
138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम ने 16.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।