भारत के युवा अंडर-19 क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी किसी ना किसी वजह के चलते सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं और हाल ही में वो अपनी 10वीं के बोर्ड एग्ज़ाम स्किप करने के चलते लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी वैभव को बोर्ड एग्जाम ना देने के लिए ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और अब आखिरकार उनके पिता संजीव ने इस पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी तोड़ी है।
वैभव के पिता ने बताया कि 14 साल के वैभव ने अपने बोर्ड एग्जाम इसलिए नहीं दिए क्योंकि वो अभी IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस साल वैभव के क्लास 10 के एग्जाम को लेकर बहुत ज़्यादा हाइप थी और वो क्रिकेट पर फोकस करना चाहता था इसलिए इस साल उन्होंने एग्ज़ाम को छोड़ने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, "अगर वैभव एग्जाम देता, तो वो क्रिकेट पर ध्यान नहीं लगा पाता। जब वैभव स्कूल में रेगुलर था, तो वो पढ़ाई में अच्छा था। उसे सभी सब्जेक्ट में 90 परसेंट से ज़्यादा नंबर आते थे, लेकिन अब उसकी प्रायोरिटी क्रिकेट है इसलिए उसने इस बार एग्जाम नहीं देने का फैसला किया है। मेरा बेटा नागपुर में राजस्थान रॉयल्स IPL टीम के सदस्यों के साथ प्रैक्टिस कर रहा है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि वैभव को मंगलवार को अपनी 10वीं क्लास के बोर्ड एग्जाम देने थे, लेकिन वो एग्ज़ाम सेंटर नहीं पहुंचे जिसके चलते उन्हें गैरहाजिर माना गया। ANI से बात करते हुए, पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल एनके सिन्हा ने कहा, "वो आज एब्सेंट है। वो एग्जाम सेंटर पर नहीं आया है। हमने उसे CBSE की पॉलिसी के हिसाब से एब्सेंट मार्क किया है। अगर कोई स्टूडेंट एब्सेंट है, तो हमें उसे एब्सेंट मार्क करना होगा। हम उम्मीद कर रहे थे कि वो आकर एग्जाम देगा लेकिन और भी कई काम हैं। क्रिकेट मैच या प्रैक्टिस हो सकती है। मुझे लगता है कि वो अगला एग्जाम ज़रूर देगा।"