Vaibhav Suryavanshi Half Century Video: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने बुधवार, 04 जनवरी को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 (ICC U19 World Cup 2026) के सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ 33 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच 14 साल के वैभव ने बेखौफ अंदाज़ में छक्का ठोकते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी जिसके बाद उन्होंने भारत के सामने 311 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। ऐसे में अब भारत के सलामी बल्लेबाज़ों को ये सुनिश्चित करना था कि वो एक तरफ तेजी से रन बनाए और दूसरी तरफ अपना विकेट भी ना खोए।
टीम इंडिया के लिए वैभव और एरोन जॉर्ज की ओपनिंग जोड़ी ने इन दोनों ही बातों का पूरी तरह ध्यान रखा और देखते ही देखते पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 90 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए। इस साझेदारी में 14 साल के वैभव ने विपक्षी गेंदबाज़ों को अटैक करने का फैसला किया और 33 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्के जड़कर 68 रन बनाए।
खास बता ये है कि इसी बीच वैभव ने भारतीय पारी के 7वें ओवर की आखिरी गेंद पर अफगानी तेज गेंदबाज़ अब्दुल अज़ीज़ को बेखौफ अंदाज़ में छक्का मारकर सिर्फ 24 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसका वीडियो खुद ICC ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया है। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बात करें अगर इस मुकाबले की तो भारतीय टीम खबर लिखे जाने तक 15 ओवर में सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 128 रन बना चुकी है। यहां से उन्हें ये मुकाबला जीतने के लिए बचे हुए 35 ओवर में 183 रन और बनाने हैं।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत U19 (प्लेइंग इलेवन): एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन।
Also Read: LIVE Cricket Score
अफगानिस्तान अंडर19 (प्लेइंग इलेवन): उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, खातिर स्टानिकजई, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई, वहीदुल्लाह जादरान।