Ashes 2021-22: ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट के दूसरे दिन कंगारू टीम के स्पिन गेंदबाज नेथन लियोन अपनी टीम के विभिषण बन गए हैं। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट सिडनी में खेला जा रहा है। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम 3-0 की अजय बढ़त बना चुकी है और सिडनी टेस्ट में भी अब तक काफी मजबूत स्थिति में नज़र आ रही है, लेकिन इसी बीच दूसरे दिन का गेम शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाज नेथन लियोन और इंग्लिश कैप्टन जो रूट का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसमें नेथन लियोन जो रूट को कुछ समझाते नज़र आ रहे हैं।
दरअसल, ये वीडियो दूसरे दिन के गेम शुरू होने से पहले का है, जिसमें नेथन लियोन जो रूट को ऑफ-स्पिन गेंदबाजी की टिप्स देते नज़र आ रहे हैं। ये वीडियो मैच के दौरान भी दिखाया गया, जब जो रूट को खुद गेंदबाजी करने आना पड़ा। मैच में अब तक इंग्लैंड की टीम के मुख्य गेंदबाजों के अलावा जो रूट और डेविड मलान भी बॉल के साथ अपने हाथ आज़मा चुके हैं। जिस दौरान जो रूट ने ऑस्ट्रेलियन विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी का विकेट भी चटकाया है।
बता दें कि सीरीज के दौरान इंग्लिंश गेंदबाज ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों को ज्यादा परेशान करने में असफल रहे हैं। खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम 6 विकेटों के नुकसान पर 325 रन बना चुकी है।