पूर्व भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर (Vijay Shankar) ने श्रीलंका की लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) में शानदार आगाज किया। कैंडी रॉयल्स (Kandy Royals) के लिए खेलते हुए उन्होंने मुश्किल परिस्थिति में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 227 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से तूफानी पारी खेली। हालांकि उनकी दमदार कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी, लेकिन पहले ही मैच में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान जरूर खींच लिया।

Advertisement

इसी साल IPL और घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले चुके भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने विदेशी लीग क्रिकेट में शानदार शुरुआत की है। 35 वर्षीय विजय शंकर ने शनिवार (18 जुलाई) को लंका प्रीमियर लीग 2026 में कैंडी रॉयल्स के लिए डेब्यू करते हुए धमाकेदार बल्लेबाजी की।

दांबुला सिक्सर्स के खिलाफ मुकाबले में 206 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए विजय शंकर सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उस समय टीम मुश्किल में थी और जीत के लिए तेजी से रन बनाने की जरूरत थी।

विजय शंकर ने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने पहली ही कुछ गेंदों से बड़े शॉट खेलने शुरू कर दिए और महज 18 गेंदों में नाबाद 41 रन ठोक डाले। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 227.78 का रहा। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 शानदार छक्के लगाए।

हालांकि शंकर की यह विस्फोटक पारी भी कैंडी रॉयल्स को जीत नहीं दिला सकी। टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन ही बना सकी और मुकाबला 18 रन से हार गई। कैंडी की ओर से डेल फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 39 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि लाहिरू उडारा ने 28 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली।

इससे पहले दांबुला सिक्सर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स ने 50 गेंदों में 87 रन की शानदार पारी खेली। वहीं अफगानिस्तान के ऑलराउंडर गुलबदीन नईब ने 23 गेंदों में 46 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

गौरतलब है कि विजय शंकर इस साल IPL और भारतीय घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ही लंका प्रीमियर लीग खेलने के लिए पात्र बने थे। BCCI के नियमों के मुताबिक कोई भी भारतीय खिलाड़ी विदेशी टी20 लीग में तभी हिस्सा ले सकता है, जब वह IPL और घरेलू क्रिकेट समेत भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुका हो।

Also Read: LIVE Cricket Score

विदेशी लीग में अपने पहले ही मैच में विजय शंकर ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उससे साफ है कि वह आने वाले मुकाबलों में और भी शानदार पारियां खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार