NZ vs IND 1st ODI: शुभमन गिल (Shubman Gill) की कैप्टेंसी वाली भारतीय टीम ने बुधवार, 04 नवंबर को ऑकलैंड वनडे में न्यूजीलैंड के सामने बारिश बाधित मुकाबले (DLS मेथड) में 143 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो विराट कोहली (Virat Kohli) और अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) रहे।
अर्शदीप ने चटकाए 4 विकेट: ईडन पार्क के मैदान पर अर्शदीप ने अपनी गेंदबाज़ी से न्यूजीलैंड पर जमकर कहर बरपाया। उन्होंने पूरे 10 ओवर किए और 70 रन देकर 4 विकेट झटके। अर्श ने विल यंग (11 गेंदों पर 09 रन), हेनरी निकोल्स (11 गेंदों पर 09 रन), ग्लेन फिलिप्स (51 गेंदों पर 30 रन) और काइल जेमीसन (06 गेंदों पर 01 रन) की विकेट लेकर न्यूजीलैंड के बैटिंग ऑर्डर की कमर तोड़ी।
भारतीय टीम के बाकी गेंदबाज़ों ने भी शानदार प्रर्दशन किया। गुरनूर बराड़ ने 9.2 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट झटके और अंशुल कंबोज ने 10 ओवर में महज़ 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए। आकिब नबी (6 ओवर में 33 रन दिए) और अक्षर पटेल (5 ओवर में 12 रन दिए) ने भी किफायती गेंदबाज़ी की, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
185 रनों पर ऑल आउट हुई न्यूजीलैंड: कीवी टीम ऑकलैंड के मैदान सिर्फ 40.2 ओवर ही बल्लेबाज़ी कर पाई और 185 रन बनाकर ऑल आउट हुई। न्यूजीलैंड के 6 खिलाड़ी सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए। उनके लिए टिम सेफर्ट ने 43 गेंदों पर 38 रन, ब्लेयर टिकनर ने 23 गेंदों पर 24 रन, ग्लेन फिलिप्स ने 51 गेंदों पर 30 रन और डेरिल मिचेल ने 41 गेंदों पर 28 रन जोड़े।
विराट कोहली ने बैटिंग से मचाई तबाही: Team India के सामने न्यूजीलैंड ने 186 रनों का लक्ष्य रखा था जो कि लगातार बारिश होने के कारण 143 रन (32 ओवर में) कर दिया गया। भारत के लिए विराट कोहली ने एक बार फिर शानदार पारी खेली। उन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी की और 41 गेंदों पर 13 चौके 1 छक्का लगाकर 74 रन बनाए।
विराट के अलावा शुभमन गिल ने 56 गेंदों पर 5 चौके जड़कर 37 रन जोड़े। इसी बीच रोहित शर्मा (6 गेंदों पर 0 रन), श्रेयस अय्यर (13 गेंदों पर 15 रन), अक्षर पटेल (2 गेंदों पर 0 रन) सस्ते में आउट हुए। बात करें न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों की तो जैकब डफी ने 7 ओवर में 49 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा काइल जेमीसन (7 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट) और नाथन स्मिथ (4.4 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट) ने एक-एक विकेट लिया।
Also Read: Special Cricket Stories
आखिरी में केएल राहुल (5 गेंदों पर नाबाद 3 रन) और नमन धीर (3 गेंदों पर नाबाद 5 रन) की जोड़ी ने टीम इंडिया को जीत दिलाई। तो इस तरह टीम इंडिया ने ऑकलैंड वनडे 5 विकेट से जीता और पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल की।