गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में विराट कोहली ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ दिखाया। उन्होंने कगिसो रबाडा के एक ही ओवर में लगातार पांच चौके ठोके और इस ओवर में कुल 21 रन बटोर लिए।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (30 अप्रैल) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आते ही अपने इरादे साफ कर दिए। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पारी के दूसरे ओवर में कोहली ने कगिसो रबाडा को निशाने पर लिया और एक के बाद एक शानदार शॉट खेलते हुए गेंदबाज की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेलकर मिड-विकेट के ऊपर से चौका बटोरा। इसके बाद अगली गेंद पर फ्रंट फुट पर आकर ऑफ साइड में एक और शानदार चौका जड़ दिया।
कोहली यहीं नहीं रुके। तीसरी और चौथी गेंद पर भी उन्होंने लगातार चौके लगाए और पूरी तरह रबाडा पर हावी हो गए। पांचवीं गेंद पर भी उन्होंने बेहतरीन टाइमिंग के साथ गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया और लगातार पांच चौके पूरे कर दिए। इस ओवर में कुल 21 रन आए और RCB को तेज शुरुआत मिली।
VIDEO:
हालांकि, कोहली अपनी इस शानदार शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। अगले ही ओवर में रबाडा ने वापसी करते हुए उन्हें 13 गेंदों में 28 रन पर राशिद खान के हाथों कैच आउट करा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि दोनों टीमें इस सीजन दूसरी बार भिड़ रही हैं। पिछले मुकाबले में गुजरात को RCB से 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस सीजन भी शानदार फॉर्म है और 8 में से 6 मैच जीतकर पॉइट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। वहीं, गुजरात का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है और टीम ने 8 में से 4 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि 4 में हार का सामना भी करना पड़ा है।