भारतीय टीम तीन टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंच गई है। हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि भारतीय खिलाड़ी फ्लाइट में एक दूसरे के साथ काफी मौज मस्ती करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि फ्लाइट के बीच में तेज़ गेंदबाज़ इशांत शर्मा जैसे ही अपना बैग खोलते हैं, विराट कोहली उनके मज़े लेने लगते हैं। इशांत के इस बैग में चप्पल से लेकर और कई सारी चीजें भरी हुई थीं जिसे देखने के बाद विराट कहते हैं कि इस बैग को लेकर इशांत दुनिया के किसी भी कोने में भाग सकते हैं।
इस वीडियो में टीम के मुंबई से जोहान्सबर्ग तक के सफर को दिखाया गया है। वहीं, आगे देखा जा सकता है कि इस वीडियो में मयंक अग्रवाल बताते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद उन्होंने ब्रेक में क्या कुछ किया। जबकि चेतेश्वर पुजारा ने बताया कि वो सो नहीं पा रहे हैं।
आपको बता दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 26 दिसंबर से खेली जानी है। टीम इंडिया अफ्रीकी सरज़मीं पर कभी भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है ऐसे में विराट कोहली की टीम एक बार फिर इतिहास रच सकती है।