अगर विराट कोहली टेस्ट मैच खेल रहे हों और आपको जोश में कमी दिख जाए, ऐसा शायद मुमकिन नहीं है। केपटाउन टेस्ट के दूसरे दिन जब टीम इंडिया फील्डिंग कर रही थी तभी विराट कोहली को लगातार भारतीय खिलाड़ियों में जोश भरते हुए देखा गया। इसी दौरान एक मज़ेदार पल भी आया जब विराट डगआउट में बैठे खिलाड़ियों को कुछ बोलते नजर आए।
दरअसल, दुसरे दिन टी-ब्रेक से पहले भारत को विकेट की तलाश थी और जब मोहम्मद शमी ने एक ही ओवर में दो विकेट चटकाए तो विराट कोहली पूरे जोश में नजर आए। इस दौरान जब भारतीय खेमा खामोश बैठा हुआ था तभी उन्होंने डगआउट की तरफ इशारा करते हुए कहा कि तालियां बजाते रहो लड़कों।
विराट के एक इशारे पर डगआउट में बैठे सभी खिलाड़ी एक धुन में तालियां बजाने लगे और इस दौरान मोहम्मद सिराज को मज़े लेते हुए भी देखा गया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर देखते ही देखते वायरल हो गया और फैंस कप्तान कोहली की इस अदा को खूब पसदं कर रहे हैं।
आपको बता दें कि शमी के इसी ओवर में कप्तान कोहली ने एक शानदार कैच भी पकड़ा जोकि विराट के टेस्ट करियर का 100वां कैच भी है। विराट ने बेशक 100वां कैच पकड़ लिया हो लेकिन अभी तक उनके बल्ले से 71वां शतक नहीं निकला है और फैंस उनके इसी शतक का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।