Washington Sundar Ruled Out of 3rd ODI Vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला (ENG vs IND 3rd ODI) रविवार, 19 जुलाई को लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम, लॉर्ड्स में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। खबरों के अनुसार भारत के स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) चोटिल होने के कारण लॉर्ड्स वनडे से बाहर हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो वाशिंगटन सुंदर, जो कि भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण दर्द में दिखे थे, उन्हें मेडिकल टीम ने तीसरे वनडे के लिए अनफिट घोषित कर दिया है। यानी वो लॉर्ड्स में होने वाले निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे।
वाशिंगटन सुंदर को ये चोट कार्डिफ वनडे में अपनी बैटिंग के दौरान रन लेते समय लगी थी। याद दिला दें कि उन्होंने चोटिल होने के बाद दर्द में भी बैटिंग की, लेकिन कुछ ही देर बाद साकिब महमूद की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद वो इंग्लैंड की पारी में भारत के लिए ना ही गेंदबाज़ी करने आए और ना ही उन्होंने फील्डिंग की। इंग्लैंड ने ये मुकाबला 44.1 ओवर में 234 रन बनाकर 4 विकेट से जीता।
लॉर्ड्स वनडे के लिए अब भारतीय टीम की अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना होगा और अब वाशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह या प्रिंस यादव में किसी एक को मौका मिल सकता है। बताते चलें कि बीते समय में भारतीय टीम के कई युवा खिलाड़ी चोटिल हुए हैं। इनमें हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी भी शामिल हैं, जो कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए स्क्वाड में चुने गए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।