गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में मंगलवार, 10 जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज़ों ने जमकर गदर मचाया। इस दौरान विराट कोहली ने अपना 45वां वनडे शतक बनाया। दिल्ली में जन्मे विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 80 गेंदों में शतक पूरा किया और कोहली के शतक की बदौलत ही भारत पहले मैच में सात विकेट के नुकसान पर 373 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर सका। अंत में भारत ने ये मैच 67 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

Advertisement

विराट कोहली के इस शतक के बाद सोशल मीडिया पर विराट कोहली ही छाए रहे और क्रिकेट एक्सपर्ट्स से लेकर फैंस तक सभी ने कोहली की जमकर तारीफ की। इस दौरान सबसे ज्यादा लाइमलाइट पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनर वसीम जाफर के ट्वीट ने लूटी। जाफर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से विराट कोहली की तस्वीर शेयर की और ट्वीट में लिखा, 'शेर के मुंह में खून लग चुका है, इस साल बहुत शिकार होने वाले हैं।' 

Advertisement

वसीम जाफर के इस ट्वीट को लगभग 9 लाख व्यूज़ मिल चुके हैं जबकि 63 हज़ार से ज्यादा लाइक्स भी मिल चुके हैं। वहीं, फैंस भी वसीम जाफर के इस ट्वीट पर कई तरह के मज़ेदार कमेंट्स कर रहे हैं। आपको बता दें कि पिछले साल, कोहली ने अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था। विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच में शतक बनाया था। कोहली ने उस मैच में 113 रन बनाए थे और श्रीलंका के खिलाफ इस पहले वनडे में भी उन्होंने 113 रन ही बनाए हैं।

कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 87 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 113 रन बनाए। विराट कोहली अपने पिछले दो वनडे मैचों में दो शतक बना चुके हैं ऐसे में इस साल का आगाज उन्होंने जिस अंदाज में किया है उन्हें रोकना बाकी टीमों के लिए एक चुनौती होने वाला है। 

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार