Chinelle Henry Bizarre Run Out Video: वो कहते हैं ना नज़र हटी दुर्घटना घटी। ये कहावत बीते मंगलवार, 10 नवंबर को विमेंस बिग बैश लीग 2026 (WBBL 2026) के मुकाबले में सही साबित हो गई। ये मुकाबला होबार्ट के निंजा ग्राउंड पर खेला गया था जहां होबार्ट हरिकेंस (Hobart Hurricanes Women) की स्टार ऑलराउंडर चिनेल हेनरी (Chinelle Henry) एडिलेड स्ट्राइकर्स (Adelaide Strikers Women) के सामने एक बेहद ही अजीबोगरीब ढंग से रन आउट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये नज़ारा होबार्ट हरिकेंस की पारी की आखिरी के आखिरी ओवर में देखने को मिला। यहां एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए सोफी एक्लेस्टोन गेंदबाज़ी कर रही थी, जिनकी आखिरी गेंद पर चिनेल हेनरी ने थोड़ा पीछे हटकर गेंद को पॉइंट की तरफ कट किया।
ये शॉट खेलने के बाद चिनेल हेनरी और निकोला कैरी ने तेजी से रन चुराने की कोशिश की। इन दोनों ने दो रन आसानी से पूरे किए और तभी फील्डर एली जॉनसन और मैडलिन पेन्ना ने विकेटकीपर एंड पर सटीक रिले थ्रो किया। यहां हेनरी ने गेंद को नहीं देखा और वो तीसरा रन लेने के लिए भी क्रीज से बाहर निकल गई।
हेनरी को जैसे ही अंदाज लगा कि गेंद विकेटकीपर की तरफ आने वाला है, उन्होंने क्रीज में वापस आने की कोशिश की। मज़े की बात ये है कि वो क्रीज तक पहुंच गई थी। एक समय को हेनरी का बैट क्रीज के अंदर था, लेकिन यहां उन्होंने जैसे ही राहत की सांस ली, उनका बैट क्रीज से बाहर निकल गया। विकेटकीपर ने इसी मौके का फायदा उठाया और स्टंप्स उड़ा दिए। तो ऐसे चिनेल हेनरी रन आउट हुई। आप नीचे इस घटना का वीडियो देख सकते हो।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच का हाल: WBBL 2026 के 17वें मुकाबले में एडिलेड स्ट्राकर्स ने टॉस जीतकर होबार्ट हरिकेंस को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था। उनके लिए कप्तान निकोला कैरी ने 53 गेंदों पर 66 रन ठोके। इसी पारी के दम पर टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 138 रन बनाए। इसके जवाब में एडिलेड स्ट्राइकर्स ने रोमांचक लड़ाई लड़ी और आखिरी गेंद पर शानदार जीत हासिल की। उन्होंने 4 विकेट से मुकाबला जीता।