अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जा रहा है जिसमें टेक्सास सुपर किंग्स टीम की अगुवाई फाफ डु प्लेसिस कर रहे हैं। अब तक टेक्सास सुपर किंग्स के लिए यह टूर्नामेंट शानदार रहा है और वो अपने शुरुआती तीन मुकाबलों में से दो में जीत हासिल करके पॉइंट्स टेबल के टॉप पर बने हुए हैं, लेकिन इसी बीच कप्तान फाफ मैदान पर सिर्फ और सिर्फ संघर्ष करते दिखे हैं।
इस टूर्नामेंट का सातवां मुकाबला टेक्सास सुपर किंग्स और एमआई न्यूयॉर्क के बीच सोमवार (18 जुलाई) को खेला गया था जिसे सुपर किंग्स ने 17 रनों से जीता, लेकिन इसी बीच डु प्लेसिस एक बार फिर मैदान पर फ्लॉप रहे। टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान ने एमआई के खिलाफ महज 9 गेंदों पर 8 रन बनाए जिसके दौरान कगिसो रबाडा ने विपक्षी कप्तान को क्लीन बोल्ड करके आउट किया।
डु प्लेसिस का विकेट सुपर किंग्स की इनिंग के तीसरे ओवर में गिरा जिसे देखकर खुद बल्लेबाज तक हैरान रह गया। दरअसल, रबाडा ने एक स्लो फुल टॉस गेंद डु प्लेसिस को डिलीवर किया था जिस पर बल्लेबाज़ चतुराई दिखाकर अपने स्कूप शॉट से रन बटोरना चाहता था, लेकिन इसी दौरान डु प्लेसिस अपने ही जाल में फंस गए। यह गेंद प्लेसिस को चकमा देकर सीधा मिडिल और लेग स्टंप से टकराई जिसे बाद उनकी गिल्लियां बिखर गई। यही वजह है अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Also Read: Major League Cricket 2023 Schedule
बता दें कि मेजर लीग टूर्नामेंट में अब तक फाफ डु प्लेसिस का बल्ला बिल्कुल शांत नज़र आया है। वह अपनी टीम के लिए तीन मुकाबलों में सिर्फ 22 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनका औसत 7.33 और सर्वश्रेष्ठ स्कोर 14 रन का रहा है। यही वजह है फाफ की फॉर्म अपनी टीम के लिए ही चिंता का विषय बन चुकी है। ऐसे में अब यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि आगामी मुकाबलों में फाफ किस तरह से बल्लेबाज़ी करते हैं।