Kartik Sharma Gun Celebration Video: चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के 20 साल के बल्लेबाज़ कार्तिक शर्मा (Kartik Sharma) ने बीते शनिवार, 02 मई को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 44वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और 40 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए। गौरतलब है कि इसी बीच कार्तिक ने CSK को जीत दिलाने के बाद 'गन सेलिब्रेशन' किया जिसने सभी क्रिकेट फैंस को 24 साल के महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की याद दिला दी है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में कार्तिक शर्मा ही वो खिलाड़ी थे, जिन्होंने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर सीएसके के लिए विनिंग शॉट खेला। यहां पर ही कार्तिक का खास सेलिब्रेशन देखने को मिला और उन्होंने अपने बैट को किसी बंदूक की तरह कंधे पर रखकर फायर किया। IPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
याद दिला दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने भी 24 साल की उम्र में ऐसे ही 'गन सेलिब्रेशन' किया था। ये नज़ारा अक्टूबर 2005 में देखने को मिला था जहां धोनी ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ एक ऐतिहासिक वनडे पारी खेली थी। इस मुकाबले में उन्होंने 145 गेंदों में नाबाद 183 रन बनाए। ये उनके करियर की बेस्ट वनडे इनिंग भी थी।
बात करें अगर कार्तिक शर्मा की तो इस 20 साल के खिलाड़ी को सीएसके ने मिनी ऑक्शन में पूरे 14 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा और IPL के करंट सीजन में एक के बाद एक कई मौके दिए। कार्तिक टूर्नामेंट की शुरुआत में कुछ खास नहीं कर पाए, लेकिन अब उन्होंने आखिरीकार अपनी पहली आईपीएल फिफ्टी जड़कर अपनी काबिलियत का परिचय दे दिया है। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 6 मैचों में 22.40 की औसत और 125.84 की स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर पॉइंट्स टेबल पर सीएसके की पॉजिशन की तो वो 9 मैचों में 4 जीत और 8 अंकों के साथ छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। यहां से वो अच्छा क्रिकेट खेलते हैं तो टॉप-4 में रहकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई भी कर सकते हैं। बताते चलें कि मौजूदा समय में पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पंजाब किंग्स की टीम है जिन्होंने 8 मैचों में 6 जीत हासिल करके 13 अंक जोड़े हैं। उनके अलावा टॉप-4 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीम है।