KL Rahul Drop Niroshan Dickwella Catch Video: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला (SL vs IND 1st Test) गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां मुकाबले के तीसरे दिन सोमवार, 17 अप्रैल को केएल राहुल (KL Rahul) ने स्लिप पर निलोशन डिकवेला (Niroshan Dickwella) का एक बेहद ही आसान कैच टपका दिया। ये ड्रॉप कैच भारतीय टीम के लिए काफी महंगा साबित हुआ जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये घटना श्रीलंका की पहली पारी के 36वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी। टीम इंडिया के लिए ये ओवर स्पिन गेंदबाज़ मानव सुथार डालने आए थे जिन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर फ्लाइटेड गेंद डिलीवर करके श्रीलंकाई बल्लेबाज़ को फंसाया। सुथार ने निलोशन डिकवेला को लेट कट खेलने के लिए मजबूर कर दिया था, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर काफी ऊंची उछली।
वो डिकवेला के बैट से टकराने के बाद सीधा फर्स्ट स्लिप पर तैनात खिलाड़ी केएल राहुल की तरफ गई, जो कि इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे। ऐसे में होना क्या था केएल राहुल कैच नहीं पकड़ पाए और डिकवेला को बड़ा जीवनदान मिल गया। आप नीचे इस घटना का वीडियो देख सकते हो।
बता दें कि केएल राहुल अगर निलोशन डिकवेला का कैच पकड़ते तो उन्हें 20 रनों के स्कोर पर पवेलियन लौटना पड़ता। हालांकि वो (केएल राहुल) ऐसा नहीं कर पाए जिसके बाद लंकाई खिलाड़ी ने खुद को मिले जीवनदार का पूरा फायदा उठाया और 115 गेंद खेलकर 7 चौके लगाते हुए 80 रन बनाए। इतना ही नहीं, उन्होंने सोनल दिनुशा के साथ मिलकर श्रीलंका के छठे विकेट के लिए 146 रनों की बड़ी साझेदारी भी की। ऐसे में ये कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि भारतीय टीम को केएल राहुल के एक ड्रॉप कैच का बड़ा नुकसान हुआ है।
मैच का हाल: भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए जिसके जवाब में श्रीलंका खबर लिखे जाने तक अपनी पहली पारी में 64 ओवर खेलकर 240 रन बना चुकी है। उन्होंने अपने 6 विकेट खो दिए हैं और वो भारतीय टीम के स्कोर से अभी भी 222 रन पीछे हैं।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चंडीमल, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।