Milan Rathnayake Catch Vidoe: लंका प्रीमियर लीग 2026 (LPL 2026) का 15वां मुकाबला बीते मंगलवार, 28 जुलाई को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां जाफना किंग्स (Jaffna Kings) और कोलंबो कैप्स (Colombo Kaps) की भिड़ंत हुई। गौरतलब है कि इसी बीच कोलंबो कैप्स के अनुभवी खिलाड़ी मिलन रत्नायके (Milan Rathnayake) ने बाउंड्री पर करिश्मे को अंजाम देकर कामिल मिशारा (Kamil Mishara) का हैरतअंगेज कैच पकड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये घटना जाफना किंग्स की पारी के 8वें ओवर में घटी। यहां कोलंको कैप्स के लिए हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स नीशम गेंदबाज़ी करने आए थे जिनकी पहली ही गेंद पर कामिल मिशारा ने छक्का जड़ने के इरादे से हवाई शॉट खेला। वो कवर के ऊपर से शॉट मारकर गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजना चाहते थे, लेकिन अपनी इसी कोशिश में गलती कर बैठे।
उन्होंने गेंद को मिस टाइम किया जिसके कारण वो गेंद डीप कवर की तरफ चली गई। ध्यान दें कि इस पॉजिशन के करीब मिलन रत्नायके तैनात थे जिनकी आंखें गेंद को हवा में देखकर पूरी तरह चमक उठी। इसके बाद होना क्या था, उन्होंने अपनी दाईं ओर तेजी से दौड़ लगाई और आखिर में एक लंबी डाइव करके जमीन पर गिरते हुए भी शानदार कैच पकड़ लिया। Fancode ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
तो ऐसे कामिल मिशारा को आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा जिन्होंने कोलंबो कैप्स के खिलाफ 19 गेंदों पर 6 चौके 2 छक्के लगाकर 44 रन ठोके। बात करें अगर मिलन रत्नायके के प्रदर्शन की तो उन्होंने भी 15 गेंदों पर 1 चौका 2 छक्के लगाकर 26 रन बनाए। हालांकि वो गेंदबाज़ी से कुछ खास नहीं कर पाए और उन्होंने दो ओवर में बिना कोई विकेट लिए 24 रन खर्चे।
मैच का हाल: इस मुकाबले में कोलंबो कैप्स ने टॉस जीतकर जाफना किंग्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। जाफना किंग्स के लिए इब्राहिम जादरान ने 65 गेंदों पर 12 चौके 3 छक्के लगाकर 95 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में कोलंबो कैप्स ने अपने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 183 रन बनाए। उनके किसी भी बल्लेबाज़ ने अर्धशतकीय पारी नहीं खेली। सदीरा समरविक्रमा ने सर्वाधिक रन जोड़े जो कि 36 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हुए। तो ऐसे जाफना किंग्स ने ये मुकाबला 19 रनों से जीतकर अपने नाम किया।