Wesley Madhevere Catch: जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला (ZIM vs AUS 3rd ODI) बीते रविवार, 20 सितंबर को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया था जहां मेजबान टीम के हरफनमौला खिलाड़ी वेस्ली मधेवेरे (Wesley Madhevere) ने एलेक्स कैरी (Alex Carey) का एक हैरतअंगेज कैच लपककर फैंस का दिल जीता। उन्होंने एक चीते की तरह छलांग लगाकर गेंद को पकड़ा था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के 26वें ओवर में घटी। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस गेंदबाज़ी कर रहे थे जिनकी पांचवीं गेंद पर एलेक्स कैरी ने ड्राइव शॉट खेलते हुए गलती की। ब्रैड इवांस ने ये बॉल ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ पर फेंकी थी, जिस पर कैरी शॉट खेलते हुए पूरा कंट्रोल नहीं रख पाए। इसी कारण वो गेंद कैरी के बैट के बाहरी किनारे से टकराकर बैकवर्ड पॉइंट की तरफ चली गई।
यहां पर ही वेस्ली मधेवेरे का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने किसी चीते की तरह अपनी बाईं ओर हवा में छलांग लगाई और हवा में ही गेंद को लपक लिया। जब उन्होंने गेंद को कैच किया तब वो पूरी तरह हवा में थे। ये एक हैरतअंगेज कैच था जो फैंस को काफी पसंद आ रहा है। आप नीचे इसका पूरा वीडियो देख सकते हो।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में वेस्ली मधेवेरे ने सिर्फ अपनी फील्डिंग से ही कमाल नहीं किया, बल्कि उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी से भी 5.5 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट झटका। उन्होंने मैट रेन्शॉ को बोल्ड करके पवेलियन भेजा। हालांकि मधेवेरे अपनी बैटिंग से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और महज़ 02 गेंदों पर 01 रन बनाकर आउट हुए।
मैच का हाल: हरारे में खेले गए तीसरे वनडे में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी और 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 271 रन बनाए। उनके लिए कैप्टन सिकंदर रज़ा (72 गेंदों पर नाबाद 81 रन), क्रेग इर्विन (79 गेंदों पर 59 रन) और इनोसेंट काइया (66 गेंदों पर 55 रन) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश इंगलिस ने शतकीय पारी खेली और 102 गेंदों पर 103 रन बनाए। उनके अलावा एलेक्स कैरी ने 30 गेंदों पर 34 रन, नाथन एलिस ने 44 गेंदों पर नाबाद 36 रन ठोके। तो ऐसे मेहमान टीम ने जैसे-तैसे 49.5 ओवर में 272 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज 3-0 से जीतकर अपने नाम की है।