नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.) । वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों द्वारा भारतीय दौरा बीच में ही रद्द करने के मामले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कड़ा रुख अपनाने के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बैठक कर बीसीसीआई से तुरंत मीटिंग करने की मांग की है। इसके अलावा वेस्टइंडीज बोर्ड इस मामले को लेकर खिलाड़ियों और बोर्ड के सदस्यों की एक टास्क फोर्स भी गठित करेगा। यह टास्क फोर्स सभी पक्षों से पहले बात करेगा फिर अपनी रिपोर्ट बोर्ड को सौंपेगा।

Advertisement

हालांकि बोर्ड ने कहा है कि टास्क फोर्स इस मामले की पड़ताल जल्द से जल्द करेगा लेकिन इसके लिए कोई समयसीमा नहीं तय की गई है। इतना ही नहीं इस टास्क फोर्स के सदस्य कौन होंगे, यह भी अभी तय नहीं है। वेस्टइंडीज बोर्ड का मानना है कि इस नुकसान की भरपाई का तरीका ढूंढा जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में दोबारा ऐसा न हो।

Advertisement

बारबाडोस में हुई यह बैठक पहले से ही बहुत महत्वपूर्ण थी लेकिन इसका महत्व तब और भी बढ़ गया जब बीसीसीआई ने मंगलवार को हुई बोर्ड की बैठक में वेस्टइंडीज का दौरा अचानक रद्द होने पर बोर्ड (वेस्टइंडीज) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रस्ताव पारित किया। बीसीसीआई की इस एक घंटे से भी कम चली बैठक में आईसीसी प्रमुख एन श्रीनिवासन ने भी तमिलनाडु क्रिकेट संघ के अध्यक्ष की हैसियत से हिस्सा लिया।

उधर वेस्टइंडीज बोर्ड की बैठक 7 घंटे चली और इसके अंत में एक छोटा सा बयान जारी किया गया जिसमें कहा गया कि वो भारतीय बोर्ड के निर्णय के प्रति सचेत है। बोर्ड के सूचना प्रमुख इमरान खान ने जारी बयान में कहा, ‘वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड भारतीय बोर्ड और सभी शेयरधारकों के प्रति इस विवाद के लिए दुख प्रकट करता है, खास कर भारत और वेस्टइंडीज की क्रिकेट को चाहने वाली जनता के प्रति।’

दशकों से चले आ रहे द्विपक्षीय क्रिकेट रिश्ते के प्रति सजगता जताते हुए बोर्ड के दो निदेशकों ने बीसीसीआई से इस मसले पर बैठक करने का सुझाव दिया। बोर्ड ने उनका सुझाव माना है और जल्द ही बैठक करने की कोशिश में जुट गया है। इन्होंने खिलाड़ियों पर भी अनुशासनात्कम कार्रवाई का सुझाव दिया था लेकिन बोर्ड की बैठक में इस पर चर्चा नहीं हुई। बोर्ड इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने में लगा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 17 दिसंबर से शुरू हो रहे तीन टेस्ट की सीरीज पर भी इस माहौल का खराब असर न पड़े और यह सीरीज सफल हो।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/गोविन्द

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार