West Indies Women vs Australia Women T20I:ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंका के खिलाफ मिली 2-0 की हार के बाद टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हेली मैथ्यूज की अगुवाई वाली टीम किंग्स्टन के आर्नोस वेले क्रिकेट ग्राउंड में तीनों मैचों में नंबर 1 रैंक वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का सामना करेगी। मैथ्यूज के अलावा टीम में अनुभवी स्टेफ़नी टेलर, शेमेन कैंपबेल और डिएंड्रा डॉटिन हैं। वहीं युवा एबोनी ब्रैथवेट और जहज़ारा क्लैक्सटन भी टीम में हैं।
इस साल इंग्लैंड में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम है।
हेड कोच शेन डाइट्ज़ ने कहा, “ हम दुनिया की नंबर एक रैंकिंग वाली वनडे और टी-20 टीम के खिलाफ खेलने के अवसर को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह वर्ल्ड कप से ठीक पहले हो रहा है, इसलिए यह हमारे लिए यह देखने का शानदार मौका है कि हमारी तैयारियां किस स्तर पर हैं। दुनिया की बेस्ट टीम के खिलाफ खेलते हुए हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि हमारी कमियां कहां हैं और कौन-सी चीजें अच्छी तरह काम कर रही हैं, क्योंकि हम जून में इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट की तैयारी कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “ यह सीरीज़ बहुत कठिन होने वाली है, लेकिन खिलाड़ी इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमने अक्टूबर 2023 के बाद से उनके खिलाफ कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है, इसलिए पिछली भिड़ंत के बाद टीम की प्रगति को देखना अच्छा रहेगा, खासकर यह कि हमने किन क्षेत्रों में कितना सुधार किया है और आगे किन पहलुओं पर अभी भी काम करने की जरूरत है। हमारे खिलाड़ी अपने कौशल को दिखाने और इस वेस्टइंडीज़ टीम में मौजूद प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। यह दौरा शानदार होने वाला है और सभी के लिए काफी मनोरंजक रहेगा।”
सीरीज के मुकाबले 19, 21 और 23 मार्च को खेले जाएंगे। पहले इस दौरे पर एक टेस्ट मैच भी होना था लेकिन फिर मेजबान टीम ने लिमिटेड ओवर सीरीज पर फोकस करने के लिए ना खेलने का फैसला किया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए वेस्टइंडीज महिला टीम
Also Read: LIVE Cricket Score
हेले मैथ्यूज (कप्तान), चिनेले हेनरी, आलिया एलेने, एबोनी ब्रैथवेट, शेमाइन कैंपबेल, जहजारा क्लैक्सटन, डींड्रा डोटिन, अफी फ्लेचर, जैनिलिया ग्लासगो, शॉनिशा, हेक्टर, ज़ैदा जेम्स, कियाना जोसेफ, मैंडी मंगरू, करिश्मा रामहरैक, स्टैफनी टेलर।