टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ लोकेश बम ने तूफानी कैमियो खेलते हुए नेपाल को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। जोफ्रा आर्चर जैसे तेज़ गेंदबाज़ को छक्के जड़कर उन्होंने मैच का रोमांच चरम पर पहुंचा दिया। भले ही नेपाल मुकाबला हार गया, लेकिन लोकेश की पारी ने फैंस का दिल जीत लिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (8 फरवरी) को इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में नेपाल को भले ही 4 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मुकाबले में 25 वर्षीय लोकेश बम ने ऐसी पारी खेली जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की टीम मुश्किल में थी और 126 रन पर 4 अहम विकेट गवा बैठी थी। ऐसी स्थिती में लोकेश बम क्रीज पर आए।
59 रन 27 गेंदों में चाहिए थे और रनरेट तेजी से बढ़ रहा था। ऐसे दबाव में लोकेश ने बिना डरे इंग्लिश गेंदबाज़ों पर हमला बोला। उन्होंने सैम करन की गेंदों पर शानदार चौके लगाए और फिर जोफ्रा आर्चर के एक ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर मैच को पूरी तरह पलटने की कोशिश कर डाली।
आखिरी दो ओवर में समीकरण जब सिर्फ 24 रन का रह गया तो नेपाल जीत का प्रबल दावेदार बन चुका था। इसके बाद ल्यूक वुड के ओवर में भी लोकेश ने दो बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। अंतिम ओवर में नेपाल को 10 रन चाहिए थे, लेकिन सैम करन की सटीक गेंदबाज़ी के सामने सिर्फ 5 रन ही बन सके और नेपाल 180 रन तक ही पहुंच सका।
लोकेश बम ने सिर्फ 20 गेंदों में 39 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अब तक का सर्वोच्च स्कोर रहा। इस संघर्षपूर्ण हार के बावजूद वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने नेपाल टीम को खड़े होकर सलाम किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर लोकेश बम की बात करें तो वह नेपाल के डोटी क्षेत्र से आने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने पिछले साल स्कॉटलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और अब तक नेपाल के लिए 19 टी20 मुकाबले खेले हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा है और बेहद कम गेंदों में उन्होंने कई बार बाउंड्री पार की है, जो उनके आक्रामक अंदाज़ को दर्शाता है।