भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज शनिवार (13 जून) से धर्मशाला में पहले मुकाबले से हो रहा है। हालांकि सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ा सवाल विराट कोहली की जगह को लेकर खड़ा हो गया है। हैमस्ट्रिंग चोट के कारण कोहली इस सीरीज से बाहर हैं और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी गैरमौजूदगी में नंबर-3 पर बल्लेबाजी कौन करेगा।
इस मुद्दे पर भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार (12 जून) को हुई प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्कल ने साफ कर दिया कि टीम मैनेजमेंट किसी एक खिलाड़ी को स्थायी तौर पर नंबर-3 पर नहीं खिलाना चाहता। इसके बजाय अलग-अलग खिलाड़ियों को मौका देकर टीम अपने विकल्पों को परखना चाहती है।
मोर्कल ने कहा कि इस सीरीज में टीम नंबर-3 स्थान को लेकर प्रयोग करेगी। उन्होंने ईशान किशन, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के नाम लेते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों को अलग-अलग मौकों पर इस भूमिका में आजमाया जा सकता है।
मोर्कल ने कहा, "हम इस सीरीज में इस चीज के साथ थोड़ा प्रयोग करेंगे। चाहे वह ईशान किशन हों, केएल राहुल हों या यशस्वी जायसवाल। हमारे पास कुछ वनडे मैच हैं और हम खिलाड़ियों को अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम पर मौका देना चाहते हैं ताकि भविष्य के लिए हमारे पास ज्यादा विकल्प तैयार हो सकें।"
With Virat Kohli unavailable, one of KL Rahul, Yashasvi Jaiswal, or Ishan Kishan is likely to bat at No. 3, according to Morne Morkel pic.twitter.com/0sIqQzmG9I
CRICKETNMORE (cricketnmore) June 12, 2026
वहीं आपको यह भी बता दें कि रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को हुए अभ्यास सत्र में भारत के वनडे में नियमित विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल नेट्स के दौरान विकेटकीपिंग की जगह आउटफील्ड में कैचिंग अभ्यास करते नजर आए। दूसरी तरफ ईशान किशन ने विकेटकीपिंग ग्लव्स पहनकर अभ्यास किया और स्टंप्स के पीछे काफी समय बिताया।
इन घटनाक्रमों के बाद ऐसी अटकलें तेज हो गई हैं कि धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले वनडे में केएल राहुल को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा जा सकता है, जबकि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन संभाल सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो राहुल नंबर-3 की भूमिका में नजर आ सकते हैं, जहां वह अपनी तकनीक और अनुभव से टीम को मजबूती दे सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब सभी की नजरें धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले वनडे पर होंगी, जहां यह साफ हो जाएगा कि विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया किस खिलाड़ी पर भरोसा जताती है और नंबर-3 की अहम जिम्मेदारी किसे सौंपी जाती है।