आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले के दौरान एक मजेदार पल कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मैच के दौरान चर्चा में महेंद्र सिंह धोनी नहीं, बल्कि उनकी पत्नी साक्षी धोनी हैं। दरअसल, साक्षी चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में CSK को सपोर्ट करने पहुंची थीं। मैच के दौरान जब चेन्नई की टीम बल्लेबाज़ी कर रही थी, तब शिवम दुबे स्ट्राइक पर थे। इसी दौरान SRH के गेंदबाज़ ने एक बाउंसर डाला जो शिवम दुबे के सिर के काफी ऊपर से चला गया लेकिन मजेदार बात ये रही कि अंपायर ने इसे वाइड नहीं दिया। ये देखकर शिवम दुबे तुरंत अंपायर की तरफ देखने लगे और काफी नाराज़ नजर आए। वहीं स्टैंड्स में बैठीं साक्षी धोनी का रिएक्शन भी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में ऐसा लग रहा है कि साक्षी अंपायर के फैसले से हैरान होकर कह रही हों, “वाइड दे भाई।” हालांकि उनकी आवाज़ पूरी तरह साफ सुनाई नहीं दे रही, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस इसी लाइन को लेकर मजेदार मीम्स और पोस्ट शेयर कर रहे हैं। जैसे ही ये वीडियो टीवी पर दिखा, कुछ ही मिनटों में इंटरनेट पर वायरल हो गया। इस मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 180 रन बनाए, जिसके जवाब में SRH ने ईशान किशन की शानदार पारी के दम पर 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अब चेन्नई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर हैं।
Advertisement
Advertisement