आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीजन वह नई भूमिका में नजर आ सकते हैं और टीम मैनेजमेंट भी उनके बैटिंग ऑर्डर में बदलाव के पक्ष में दिख रहा है।
28 मार्च से आईपीएल 2026 का आगाज हो रहा है और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपने कॉम्बिनेशन को लेकर लगातार काम कर रही है। इसी बीच कप्तान ऋषभ पंत की बैटिंग पोजिशन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। खबर है कि इस सीजन पंत नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं, जो टीम के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
पिछले सीजन में ऋषभ पंत ज्यादातर नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते दिखे थे, लेकिन सीजन के आखिर में उन्होंने खुद को ऊपर भेजने की कोशिश की थी। हालांकि तब तक टीम की स्थिति ज्यादा नहीं बदल सकी थी। अब आईपीएल 2026 में टीम मैनेजमेंट शुरुआत से ही उन्हें नंबर-3 पर उतारने के मूड में है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक एक आईपीएल सूत्र ने उन्हें बताया है कि, “टीम मैनेजमेंट और खुद पंत दोनों ही इस बात को लेकर साफ हैं कि उनका खेल नंबर-3 पर सबसे ज्यादा फिट बैठता है।" उनका मानना है कि पंत का खेल नंबर-3 पोजिशन के लिए ज्यादा फिट बैठता है, जहां वह पारी को संभालने के साथ-साथ आक्रामक बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
इस बदलाव के चलते निकोलस पूरन को मिडिल ऑर्डर में नीचे भेजा जा सकता है, जबकि नंबर-4, 5 और 6 की पोजिशन मैच की स्थिति के हिसाब से तय की जाएगी। वहीं टॉप ऑर्डर में एडन मार्कराम, मिचेल मार्श और ऋषभ पंत की तिकड़ी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऋषभ पंत के लिए यह सीजन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले साल उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, जहां उन्होंने सिर्फ 269 रन बनाए थे। ऐसे में इस बार वह न सिर्फ अपनी टीम के लिए बल्कि भारतीय टी20 टीम में वापसी के लिए भी बड़ा प्रदर्शन करना चाहेंगे। पंत 2024 वर्ल्ड कप के बाद से ही भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। इस दौरान पहले संजू सैमसन और अब अपनी जबदस्त फॉर्म के चलते ईशान किशन ने भी मजबूत दावेदारी पेश की है। ऐसे में आईपीएल 2026 पंत के लिए सिर्फ अपनी कीमत को साबित करने का मौका नहीं है, बल्कि टी20 टीम में वापसी की रेस में बने रहने के लिए भी बेहद अहम सीजन रहने वाला है।