आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेलेगी। इस दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज शामिल है। इसी बीच टीम इंडिया के स्क्वॉड को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहम्मद शमी टेस्ट टीम में वापसी कर सकते हैं, जबकि संजू सैमसन को वनडे टीम में मौका मिलने की उम्मीद है।
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जून से वनडे सीरीज शुरू होगी। पहला वनडे धर्मशाला के HPCA स्टेडियम, दूसरा 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा।
रेवस्पोर्ट्ज़ की रिपोर्ट्स के अनुसार चयन समिति टेस्ट टीम में कुछ बदलाव कर सकती है। माना जा रहा है कि जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है। वहीं मोहम्मद सिराज भी ब्रेक ले सकते हैं। ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की टेस्ट टीम में वापसी की संभावना काफी बढ़ गई है।
मोहम्मद शमी ने जून 2023 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। हालांकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट और IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर अपनी फिटनेस साबित की है। यही वजह है कि चयनकर्ता उन्हें फिर से रेड बॉल क्रिकेट में मौका देने पर विचार कर सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
दूसरी तरफ विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भी वनडे टीम में वापसी के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए संजू ने शानदार बल्लेबाजी की है और इस सीजन दो शतक भी लगा चुके हैं। इसके अलावा भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में संजू सैमसन को टीम इंडिया में फिर से मौका मिल सकता है।