Pathum Nissanka Wrist Injury: वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले श्रीलंका की टीम को बड़ा झटका लग सकता है। स्टार ओपनर पथुम निसांका कलाई की चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह सर्जरी के लिए लंदन पहुंच चुके हैं। 

Advertisement

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम के स्टार ओपनर पथुम निसांका चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। समाचार एजेंसी न्यूजवायर की रिपोर्ट के मुताबिक निसांका अपनी कलाई की चोट का इलाज कराने के लिए लंदन पहुंच चुके हैं, जहां उनकी सर्जरी भी हुई है। बताया जा रहा है कि वह इस कलाई की समस्या से पिछले कुछ समय से काफी परेशान थे। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक पथुम निसांका ने अपनी रिकवरी पर पूरा ध्यान देने के लिए 2026 लंका प्रीमियर लीग (LPL) से भी नाम वापस ले लिया है।

Advertisement

दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 3 जुलाई से एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे अहम मुकाबले से पहले निसांका की संभावित गैरमौजूदगी श्रीलंका के लिए बड़ा झटका हो सकती है, क्योंकि वह पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं।

हालांकि पहले टेस्ट में निसांका का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों के सामने वह दोनों पारियों में सिर्फ 2 और 3 रन ही बना सके। इसके बावजूद टेस्ट क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। 19 टेस्ट मैचों में उन्होंने 42.25 की औसत से 1310 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।

ऐसे में कप्तान धनंजय डी सिल्वा और टीम मैनेजमेंट को दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में बदलाव करने पड़ सकते हैं। हालांकि अभी तक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से निसांका के दूसरे टेस्ट से बाहर होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Also Read: LIVE Cricket Score

गौरतलब है कि वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को एक पारी और 217 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब अगर निसांका दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाते हैं तो श्रीलंका के लिए सीरीज बराबर करना और भी मुश्किल हो सकता है।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार