टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के संयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अभिषेक शर्मा के लगातार तीन शून्य पर आउट होने के बाद संजू सैमसन की वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं। लेकिन कप्तान सूर्याकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने अंदाज में इन सभी सवालों का जवाब देकर तस्वीर साफ कर दी।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ने के लिए तैयार है। यह हाई-वोल्टेज मैच 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में अजेय रही हैं और पिछली बार की फाइनलिस्ट भी रही हैं, ऐसे में मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।
मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्याकुमार यादव ने शनिवार (21 फरवरी) को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम संयोजन को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। खासकर अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर लगातार चर्चा हो रही है, क्योंकि वह लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं। इसके बाद संजू सैमसन को टीम में शामिल करने की मांग उठने लगी।
इस पर सूर्याकुमार ने मजेदार अंदाज में कहा, “अभिषेक शर्मा की फॉर्म की जो चिंता कर रहे हैं, उनकी चिंता मैं कर रहा हूं।” उन्होंने आगे कहा कि लोग अभिषेक की फॉर्म को लेकर क्यों परेशान हैं? उन्हें तो उन टीमों के बारे में सोचना चाहिए जो अभिषेक के खिलाफ खेलने वाली हैं। जब वह रन बनाएंगे तो क्या होगा, यह सभी जानते हैं।
जब उनसे पूछा गया कि पावरप्ले में ज्यादा रन नहीं बन रह, तो क्या संजू सैमसन को मौका दिया जाएगा, तो सूर्या ने हंसते हुए कहा, “मतलब अभिषेक की जगह खिलाऊं? मतलब तिलक की जगह खिलाऊं?” उन्होंने सीधे तौर पर कोई बदलाव संकेत नहीं दिया, बल्कि कहा कि यहां की पिचें अलग और चुनौतीपूर्ण हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
उन्होंने बताया कि अब ऑफ स्पिनरों की भूमिका बढ़ी है, इसलिए टीम ने उसके खिलाफ तैयारी शुरू कर दी है। भारतीय टीम आगे के मुकाबलों में हालात के मुताबिक रणनीति अपनाएगी। ऐसे में फिलहाल इतना साफ है कि टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों पर भरोसा जता रहा है और सुपर-8 के अहम मुकाबलों में संयोजन को लेकर जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के मूड में नहीं दिख रहा।