Women's Asia Cup 2026, IND-W vs PAK-W: महिला एशिया कप 2026 के इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा अंदाज में शानदार जीत दर्ज की। पहले भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और पूरी टीम 55  स्कोर पर सिमट गई। इसके बाद भारत ने आसानी से 68 गेंदे शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में श्री चरणी (Shree Charani) और प्रेमा रावत (Prema Rawat) की गेंदबाजी सबसे बड़ी हाईलाइट रही।

Advertisement

महिला एशिया कप 2026 का 9वां मुकाबला शनिवार (5 सितंबर) को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उसकी पूरी रणनीति जल्द ही बिखर गई। पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में महज 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली और शावाल जुल्फिकार ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। मुनीबा 13 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शावाल जुल्फिकार ने 14 रन बनाए। इन दोनों के पवेलियन लौटते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। पाकिस्तान ने सिर्फ 35 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। कप्तान फातिमा सना और गुल फिरोजा अपना खाता तक नहीं खोल सकीं, जबकि आयशा जफर 2 और सदफ शमास सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

पाकिस्तान की हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकीं। नतीजा यह रहा कि पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई। यह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान का सबसे कम स्कोर भी बन गया। इससे पहले इसी मैदान पर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान की टीम 56 रन पर ऑलआउट हुई थी।

भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने गेंदबाजी में 3-3 विकेट अपने नाम किए। वहीं दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट चटकाए, जबकि शेफाली वर्मा को भी 1 सफलता मिली।

56 रन के बेहद आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। स्मृति मंधाना 12, जबकि शेफाली वर्मा 9 और प्रतिका रावल 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। 

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने बिना किसी परेशानी के टीम को जीत तक पहुंचा दिया। हरमनप्रीत ने 18 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा 12 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने सिर्फ 8.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। 

Also Read: LIVE Cricket Score

पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने 3 विकेट लेकर कुछ दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन 56 रन जैसे छोटे लक्ष्य का बचाव करना उनके लिए काफी मुश्किल था।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार