महिला क्रिकेट के इतिहास में पहली बार होने जा रही विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी (Women’s Champions Trophy 2027) की मेजबानी को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। पहले इस टूर्नामेंट का आयोजन श्रीलंका में होना था, लेकिन अब इसकी मेजबानी भारत को सौंप दी गई है।
इंटरनेशल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (2 सितंबर) शाम को महिला क्रिकेट की पहली चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर बड़ा ऐलान किया। पहली बार आयोजित होने वाली विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी भारत को मिली है। टूर्नामेंट का आयोजन 14 से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के सभी मुकाबले मुंबई और वडोदरा में खेले जाएंगे। मुंबई का क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और वडोदरा का वडोदरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इन मैचों की मेजबानी करेंगे।
पहले इस टूर्नामेंट की मेजबानी श्रीलंका को करनी थी, लेकिन अब इसे भारत में आयोजित किया जाएगा। ICC के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट जुलाई में हुई सालाना बैठक में बताए गए जरूरी सुधारों को पूरा करने की प्रक्रिया में है। इसी वजह से टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए नए विकल्प पर विचार किया गया।
ICC ने मेजबानी के लिए बांग्लादेश, भारत और साउथ अफ्रीका के विकल्पों का मूल्यांकन किया। इसके बाद तय मानकों के आधार पर भारत को श्रीलंका की जगह टूर्नामेंट का नया मेजबान चुना गया।
पहली विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका शामिल हैं। वहीं इस टूर्नामेंट का आयोजन टी20 फॉर्मेट में किया जाएगा।
टूर्नामेंट के लीग चरण में सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। यानी हर टीम को कुल पांच लीग मैच खेलने होंगे। इसके बाद अंक तालिका में सबसे ऊपर रहने वाली दो टीमें सीधे फाइनल में पहुंचेंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 28 फरवरी 2027 को खेला जाएगा। महिला क्रिकेट में पहली बार आयोजित होने वाली यह चैंपियंस ट्रॉफी इसलिए भी खास होगी क्योंकि इसमें दुनिया की छह मजबूत टीमें एक ही खिताब के लिए आमने-सामने होंगी और भारत को इसके पहले संस्करण की मेजबानी का मौका मिला है।