IND vs SL: भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने श्रीलंका के खिलाफ गाले टेस्ट में मैदान पर उतरते ही अपने नाम एक खास उपलब्धि दर्ज कर ली। वह अपने शुरुआती 30 टेस्ट मैच 30 अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले भारत के सिर्फ तीसरे क्रिकेटर बन गए हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (15 अगस्त) से गाले के गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की पारी की शुरुआत करने उतरे 24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल भले ही 37 गेंदों में 32 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए, लेकिन उन्होंने इस मैदान पर कदम रखते ही इतिहास जरुर रच दिया।
यशस्वी जायसवाल अपने शुरुआती 30 टेस्ट मैच 30 अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले भारत के सिर्फ तीसरे क्रिकेटर बन गए हैं। इस खास उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर के खास क्लब में जगह बना ली है।
जायसवाल ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ रोसेउ में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद से उनके हर टेस्ट मैच का वेन्यू अलग रहा है। गाले टेस्ट में उतरते ही उनके शुरुआती 30 टेस्ट मैचों के 30 अलग-अलग मैदान हो गए। इस मामले में संजय मांजरेकर भारत के सबसे आगे हैं। उन्होंने अपने शुरुआती 33 टेस्ट मैच 33 अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। वहीं सचिन तेंदुलकर ने अपने शुरुआती 32 टेस्ट मैचों में 32 अलग-अलग मैदानों पर खेलने का कारनामा किया था।
यशस्वी जायसवाल के शुरुआती 30 टेस्ट मैचों के वेन्यू की बात करें तो उन्होंने रोसेउ में डेब्यू करने के बाद पोर्ट ऑफ स्पेन, सेंचुरियन, केपटाउन, हैदराबाद, विशाखापत्तनम, राजकोट, रांची, धर्मशाला, चेन्नई, कानपुर, बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, पर्थ, एडिलेड, ब्रिस्बेन, मेलबर्न, सिडनी, लीड्स, बर्मिंघम, लॉर्ड्स, मैनचेस्टर, द ओवल, अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़ और अब गाले भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
यशस्वी जायसवाल ने अभी तक अपने टेस्ट करियर में शानदार प्रदर्शन किया है। 30 टेस्ट मैचों की 55 पारियों में उनके नाम 2,567 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने सात शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं। उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर नाबाद 214 रन है, जबकि उनका बल्लेबाजी औसत 48.43 का है।