Yashasvi Jaiswal Wicketkeeping: टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल जल्द ही रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलते नजर आने वाले हैं। मुंबई की टीम 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन में अपने अभियान की शुरुआत चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले से करेगी। यह मैच रविवार(11 अक्टूबर) से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। सीजन शुरू होने से पहले यशस्वी जायसवाल को लेकर एक ऐसी जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है। 

मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने बताया है कि जायसवाल इन दिनों विकेटकीपिंग स्किल्स पर भी काम कर रहे हैं। लाड ने पाटीआई से बातचीत में बताया कि जायसवाल ट्रेनिंग के दौरान विकेट के पीछे काफी समय बिता रहे हैं। 

सिद्धेश लाड ने कहा, “वह विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस शुरू कर चुके हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि वह अपने खेल में कुछ और जोड़ना चाहते हैं। लाड ने आगे कहा मुझे नहीं पता कि उनके इरादे क्या हैं, लेकिन अभी वह विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस कर रहे हैं और अगर वह इसे जारी रखते हैं तो उन्हें इसकी आदत हो जाएगी।”

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यशस्वी जायसवाल रणजी ट्रॉफी के मुकाबलों में वास्तव में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे या नहीं। फिलहाल उन्होंने इस स्किल पर काम करना शुरू किया है और मुंबई के कैंप में ट्रेनिंग के दौरान विकेट के पीछे अभ्यास कर रहे हैं।

जायसवाल के लिए रणजी ट्रॉफी का यह सीजन इसलिए भी अहम है, क्योंकि इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज की तैयारी करनी है। वह भारत ए के लिए न्यूजीलैंड के शैडो टूर पर तीन रेड-बॉल मुकाबले खेलेंगे। भारत ए की टीम 16 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होगी। पहला मुकाबला 26 अक्टूबर से लिंकन में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में होगा, जबकि दौरे का आखिरी मुकाबला 10 नवंबर को लिंकन में खेला जाएगा।

इसके बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र के तहत होने वाली यह टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी और 1 दिसंबर तक चलेगी। पहला टेस्ट वेलिंगटन और दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।

Also Read: LIVE Cricket Score

ऐसे में यशस्वी जायसवाल के लिए मुंबई के साथ रणजी ट्रॉफी में खेलने का मौका न्यूजीलैंड दौरे से पहले अच्छी रेड-बॉल तैयारी का काम करेगा। वहीं यह देखना भी दिलचस्प होगा कि बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग पर काम कर रहे जायसवाल आने वाले समय में इस नई स्किल को अपने खेल का हिस्सा बनाते हैं या नहीं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार