मुंबई टी20 लीग 2026 के मुकाबले में भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने अपने शानदार प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, लेकिन मैच के दौरान उनके बल्ले से निकला एक जोरदार छक्का स्टैंड्स में बैठे एक बच्चे को जा लगा। इसके बाद मैच खत्म होने पर अर्जुन ने जो किया, उसने फैंस का दिल जीत लिया।
वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार (8 जून) को खेले गए मुंबई टी20 लीग 2026 के 16वें मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार योगदान दिया और अपनी टीम ARCS अंधेरी को बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ नौ विकेट की बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
हालांकि मैच के दौरान एक छोटी सी घटना भी हो गई। अर्जुन तेंदुलकर ने बल्लेबाजी करते हुए एक लंबा छक्का लगाया, लेकिन यह शॉट स्टैंड्स में बैठे एक छोटे बच्चे के सिर पर जा लगा। गेंद लगने से बच्चा चोटिल हो गया और कुछ समय तक उसे चिकित्सा सहायता भी दी गई।
मैच खत्म होने के बाद अर्जुन उस बच्चे से मिले और उसकी हालत के बारे में पूछा और यह सुनिश्चित किया कि वह ठीक है। इसके बाद अर्जुन ने उस गेंद पर अपना ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने बच्चे को चोट पहुंचाई थी। इस खूबसूरत और मानवीय व्यवहार ने फैंस का दिल जीत लिया और अर्जुन ने यह भी दिखाया कि एक खिलाड़ी की पहचान सिर्फ उसके खेल से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार से भी होती है।
VIDEO:
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन ही बना सकी। अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था।
Also Read: LIVE Cricket Score
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ARCS अंधेरी की टीम ने पहला विकेट जल्दी गंवा दिया था, लेकिन इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर और मुशीर खान ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। अर्जुन ने 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से सिर्फ 34 गेंदों में नाबाद 66 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मुशीर खान ने 38 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 116 रन की अटूट साझेदारी की और टीम को 13.5 ओवर में ही जीत दिला दी।