भारतीय अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) भले ही लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हों, लेकिन इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी से धमाल मचा रहे हैं। इंग्लिश घरेलू वनडे कप में नॉर्थम्पटनशायर (Northamptonshire) की ओर से खेल रहे चहल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
रविवार (2 अगस्त) को लंकाशायर के खिलाफ मुकाबले में चहल ने 9 ओवर में 60 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके शानदार स्पेल की बदौलत नॉर्थम्पटनशायर ने 347 रन का स्कोर डिफेंड करते हुए लंकाशायर को 280 रन पर समेट दिया और टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थम्पटनशायर ने 6 विकेट पर 347 रन बनाए थे। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय लंकाशायर 43 ओवर के बाद 6 विकेट खोकर 266 रन था और मुकाबला अभी भी पूरी तरह खुला हुआ था।
यहीं से चहल ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर आरव शेट्टी (18) और जैक बाल्डरसन (0) को आउट कर लंकाशायर की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस डबल स्ट्राइक के बाद बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया और टीम ने आखिरी 5 विकेट सिर्फ 14 रन के अंदर गंवा दिए।
चहल ने अपने स्पेल में मार्कस हैरिस (57) का भी अहम विकेट लिया और मुकाबले के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे। खास बात यह रही कि उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत देर से की, लेकिन आते ही मैच का पासा पलट दिया।
VIDEO:
36 वर्षीय चहल ने हाल ही में इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप के लिए नॉर्थम्पटनशायर के साथ करार किया है। टीम इंडिया के लिए उन्होंने आखिरी मुकाबला 2023 में खेला था। इसके बाद से वह लगातार भारतीय टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें मौका नहीं मिला है।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि इंग्लैंड में उनका शानदार प्रदर्शन जारी है। अब तक इस टूर्नामेंट में चहल 5 मुकाबलों में 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 22.40 और इकॉनमी रेट सिर्फ 4.57 रही है।