भारतीय टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) में अपना पहला मुकाबला शनिवार, 07 फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। गौरतलब है कि इस मुकाबले के लिए भारत के दिग्गज स्पिनर गेंदबाज़ युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने टीम इंडिया की बेस्ट प्लेइंग इलेवन (India's Playing XI) का चुनाव किया है।
ईशान नहीं, संजू को चुना: 35 साल के युजवेंद्र चहल ने भारत की प्लेइंग इलेवन चुनते हुए सभी को हैरान किया और अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग बल्लेबाज़ के तौर पर संजू सैमसन को चुना। जान लें कि संजू मौजूदा समय में बिल्कुल भी फॉर्म में नहीं दिखे हैं और उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 09.20 की बेहद ही खराब औसत से सिर्फ 46 रन बनाए।
इसके अलावा युजी ने प्लेइंग कॉम्बिनेशनल में ईशान किशन को जगह नहीं दी है जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में शतक ठोकने का कारनामा किया। उन्होंने इस सीरीज में चार मुकाबले खेले और एक शतक और एक अर्धशतक के साथ पूरे 215 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने लगभग 54 की औसत और 230 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
कुलदीप यादव को भी नहीं किया शामिल: शायद आपको यकीन नहीं होगा, लेकिन युजवेंद्र चहल ने अपनी पंसदीदा भारतीय XI चुनते हुए अपने ही करीबी दोस्त कुलदीप यादव को जगह नहीं दी है। बता दें कि 31 साल के कुलदीप 53 टी20 इंटरनेशनल में देश के लिए 94 विकेट चटका चुके हैं।
इसके अलावा ये भी बताते चलें कि युजवेंद्र चहल का मानना है कि भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में नंबर-3 पर तिलक वर्मा को बैटिंग करनी चाहिए जो कि हाल ही में चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज नहीं खेल पाए थे। 23 साल के तिलक भारत के लिए 40 टी20 इंटरनेशनल की 37 पारियों में लगभग 50 की औसत और 155 की स्ट्राइक रेट से 1183 रन बना चुके हैं।
युजवेंद्र चहल की पसंदीदा भारतीय XI (यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, कुलदीप यादव।