SL vs ZIM 2nd T20I Highlights: हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज़ 1-1 से बराबर कर दी। श्रीलंका की टीम 80 रनों पर ऑलआउट हो गई, जो उनका टी20 इंटरनेशनल का दूसरा सबसे कम स्कोर है। सिकंदर रजा और ब्रैड एवंस ने 3-3 विकेट चटकाए।

शनिवार(6 सितंबर) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 5 विकेट से मात देकर सीरीज़ में शानदार वापसी की। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज़ 1-1 से बराबर कर ली। श्रीलंका की टीम सिर्फ 80 रनों पर सिमट गई, जो टी20 इंटरनेशनल में उनका दूसरा सबसे कम स्कोर है।

टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत से ही बाजी मार ली। श्रीलंका के बल्लेबाज़ एक-एक कर पवेलियन लौटते रहे। कुसल मेंडिस (1), पथुम निसांका (8), नुवानिदु फर्नांडो (1) और कमिंडु मेंडिस (0) सस्ते में आउट हो गए। कामिल मिशारा ने 20 रन जरूर बनाए, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। चरिथ असलंका (18) और दासुन शनाका (15) ने कुछ कोशिश की, लेकिन टीम 17.4 ओवर में 80 रनों पर ढेर हो गई। जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा और ब्रैड एवंस ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि ब्लेसिंग मुजाराबानी ने 2 और शॉन विलियम्स ने 1 विकेट लिया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने शुरुआत में कुछ विकेट गंवाए, लेकिन फिर संभल गई। तड़िवनाशे मारुमानी (17) और शॉन विलियम्स (0) जल्दी आउट हो गए। सिकंदर रजा(2) भी टिक नहीं पाए। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट (19) ने कुछ देर सघर्ष किया, फिर इसके बाद और रायन बर्ल (20*)  और ताशिंगा मुसेकिवा (21*) ने टीम को संभाला और साथ मिलकर जिम्बाब्वे ने 14.2 ओवर में 84 रन बनाकर मैच और सीरीज़ में बराबरी कर ली।

श्रीलंका की ओर से दुश्मंता चमीरा ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट लिए, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सका। अब सीरीज़ का निर्णायक मुकाबला कल यानी रविवार (7 सितंबर) को हरारे में खेला जाएगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार