आईपीएल 2026 अब उस दौर में है जहां निर्णायक उथल-पुथल होनी है और उसी में एक ख़ास खबर ये कि फिर से आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार (36) के पास है इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के प्रतीक की पर्पल कैप। 30 अप्रैल, 2026 को जब गुजरात टाइटन्स के विरुद्ध 3/28 की गेंदबाजी की तो उनके 9 मैच में 17 विकेट हो गए। बाद में सीएसके के अंशुल कंबोज भी 17 विकेट पर आ गए लेकिन पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे भुवनेश्वर ही हैं।
अपने अनुभव और कंट्रोल के साथ, भुवनेश्वर इस सीजन में आरसीबी के सबसे भरोसेमंद और मैच विजेता गेंदबाजों में से एक के तौर पर सामने आए हैं। बीसीसीआई सेलेक्टर्स ने नवंबर 2022 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद से, भुवनेश्वर के नाम की कभी चर्चा नहीं की है लेकिन इस आईपीएल सीजन के प्रदर्शन की बदौलत वे एक और मौके के लिए मजबूर कर रहे हैं।
खास तौर पर, इस सीजन में उन्होंने एक के बाद एक कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाए लेकिन खुद उनकी नजर अब वरीयता अपने रिकॉर्ड बनाना नहीं, टीम के कैंपेन में हिस्सेदारी हो गई है, ‘बेशक, मैं कुछ हासिल करना चाहता हूं, लेकिन अब यह टीम के बारे में ज़्यादा है। मैं अब जवान नहीं रहा। जब आप जवान होते हैं, तो ये सब सम्मान मिलें, तो अच्छा लगता है।’
* ब्रावो, भुवनेश्वर कुमार और हर्षल पटेल ही ऐसे 3 खिलाड़ी हैं जो एक बार से ज्यादा पर्पल कैप (2) विजेता रहे।
* ब्रावो ने 2013 और 2015 में सीएसके के साथ अपनी दोनों कैप हासिल की, जबकि हर्षल ने आरसीबी के साथ 2021 जीत के बाद, 2024 में दूसरी कैप पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए हासिल की।
* भुवनेश्वर कुमार ऐसे इकलौते गेंदबाज हैं जो दो लगातार सीजन में पर्पल कैप विजेता रहे: 2016 और 2017 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ। अब उनके पास 3 बार ये कैप जीतने वाले पहले खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाने का मौका है।
* आईपीएल में सिर्फ़ तीन खिलाड़ी, सोहेल तनवीर (2008, राजस्थान रॉयल्स), आरपी सिंह (2009, डेक्कन चार्जर्स) और भुवनेश्वर कुमार (2016, सनराइजर्स हैदराबाद) के नाम 'डबल' है: जिस सीजन में वे पर्पल कैप विजेता थे, उनकी टीम ने आईपीएल टाइटल जीता। अगर आरसीबी ने इस बार भी इतिहास बनाया तो भुवनेश्वर ये रिकॉर्ड, दो बार बनाने वाले पहले गेंदबाज बन सकते हैं।
आइए देखते हैं कि भुवनेश्वर ने क्या खास हासिल किया है:
* आईपीएल में सबसे कामयाब तेज गेंदबाज: 215 विकेट। आईपीएल पावरप्ले में भी सबसे ज्यादा विकेट उनके नाम हैं और पावरप्ले में 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज की रेस में भी सबसे आगे हैं।
* पावरप्ले में कम स्कोर के रिकॉर्ड में हिस्सेदार: आरसीबी के विरुद्ध दिल्ली कैपिटल्स ने पावरप्ले में सिर्फ 13/6 बनाए और इसके लिए बल्लेबाजों का, जोश हेज़लवुड और भुवनेश्वर कुमार के शानदार शुरुआती स्पेल को न खेल पाना जिम्मेदार था। ये आईपीएल में अब तक का सबसे कम पावरप्ले स्कोर है।
* रिकॉर्ड 200वां मैच: भुवनेश्वर 7 मई को एलएसजी के विरुद्ध अपना 200वां आईपीएल मैच खेलेंगे और ये रिकॉर्ड बनाने वाले पहले पेसर होंगे।
* अपने 200 आईपीएल मैच में से हर एक में गेंदबाजी का रिकॉर्ड: भुवनेश्वर इस खास रिकॉर्ड के करीब हैं और जब अपने 200वें मैच में गेंदबाजी करेंगे, तो इन 200 मैच में से हर एक में गेंदबाजी करने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे। अमित मिश्रा (अपने 162 मैच में से हर एक में गेंदबाजी की), जसप्रीत बुमराह (154), राशिद खान (146) और मोहम्मद शमी (127) उनसे बहुत पीछे हैं।
* रिकॉर्ड 325 वां टी20 मैच: 30 अप्रैल को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के विरुद्ध खेले तो ये रिकॉर्ड भी बनाया। इस मैच में, टीम की 4 विकेट से हार में उनका प्रदर्शन 3/28 था और इसी के साथ टी20 क्रिकेट में 350 विकेट के बड़े रिकॉर्ड को हासिल करने वाले पहले भारतीय पेसर और कुल दूसरे भारतीय बने। उनका रिकॉर्ड: 24.51 औसत से 352 विकेट, जिसमें 5-5 बार 4 और 5 विकेट लिए और सबसे अच्छा प्रदर्शन 5/4 रहा।
पुरुष टी20 में भारतीय गेंदबाज के सबसे ज्यादा विकेट
391 - युजवेंद्र चहल
352 - भुवनेश्वर कुमार
348 - जसप्रीत बुमराह
327 - पीयूष चावला
317 - रविचंद्रन अश्विन
भुवनेश्वर अब तक 6 अलग-अलग टीम के लिए टी20 क्रिकेट खेले हैं और हर टीम का विकेट शेयर:
सनराइजर्स हैदराबाद – 158 विकेट
भारत – 90 विकेट
उत्तर प्रदेश – 44 विकेट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 33 विकेट
पुणे वॉरियर्स इंडिया – 24 विकेट
इंडिया A – 3 विकेट
जिसने गेंदबाज ने दो लगातार सीजन में पर्पल कैप हासिल की और इस बार तीसरी पर्पल कैप हासिल करने की राह पर, आईपीएल में 200+ विकेट लेने वाले दो गेंदबाज में से एक, वे भुवनेश्वर कुमार, आईपीएल के सबसे कम चर्चित और सबसे कम आंके गए, आईपीएल दिग्गज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
नोट: सभी रिकॉर्ड 3 मई 2026 तक सही।