Cheteshwar Pujara Current World Test XI: पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने मौजूदा समय की अपनी पसंदीदा वर्ल्ड टेस्ट इलेवन चुनी है। उनकी इस टीम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। पुजारा ने अपनी टीम में कुल पांच भारतीय और चार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को जगह दी है।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट और व्हाइट-बॉल सीरीज के बीच अब एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल रहा है। इसी बीच भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकइन्फो द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की गई एक वीडियो में मौजूदा समय की अपनी बेस्ट वर्ल्ड टेस्ट इलेवन चुनी है। पुजारा ने अपनी टीम की ओपनिंग की जिम्मेदारी साउथ अफ्रीका के एडेन मार्करम और भारत के केएल राहुल को दी है। इसके बाद नंबर-3 पर इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट को चुना है। नंबर-4 पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव स्मिथ को जगह मिली है।
वहीं नंबर-5 पर भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को चुना गया है। विकेटकीपर की भूमिका के लिए पुजारा ने भारत के ऋषभ पंत को चुना है। ऑलराउंडर के तौर पर पुजारा ने भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को जगह दी है। उनके बाद दूसरे स्पिनर के रूप में ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को टीम में शामिल किया गया है।
तेज गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो पुजारा ने तीन तेज गेंदबाजों को चुना है। भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड उनकी तेज गेंदबाजी तिकड़ी का हिस्सा हैं।
पुजारा ने अपनी टीम चुनते हुए बेन स्टोक्स का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्टोक्स के रिटायर होने की वजह से वह इस टीम में शामिल नहीं हैं, वरना वह उन्हें जरूर चुनते। पुजारा ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी टीम सामान्य पिच को ध्यान में रखकर चुनी है।
उन्होंने कहा कि अगर यही मुकाबला दुनिया के किसी दूसरे हिस्से में, खासकर इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया में खेला जाए, तो वह अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में वह रवींद्र जडेजा की जगह किसी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को शामिल करने पर विचार करेंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
चेतेश्वर पुजारा की मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट इलेवन:
एडेन मार्करम, केएल राहुल, जो रूट, स्टीव स्मिथ, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नाथन लियोन, जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड।