टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। आगामी टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जो इसे अब तक के सबसे बड़े टी-20 वर्ल्ड कप आयोजनों में से एक बनाती हैं। टी-20 वर्ल्ड कप का सफर 2007 में शुरू हुआ था और तब से लेकर अब तक ये टूर्नामेंट नौ बार आयोजित हो चुका है। इन वर्षों में कई यादगार मुकाबले, धुआंधार पारियां और ऐतिहासिक रिकॉर्ड देखने को मिले हैं, जिन्होंने क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में इस टूर्नामेंट की जगह और मजबूत कर दी है।
टी-20 फॉर्मेट की लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हर नए संस्करण में दर्शकों की उत्सुकता पहले से कहीं अधिक रहती है। खासकर रनों के लिहाज से हुई बड़ी जीतों ने हमेशा से क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा है। तो चलिए इस स्पेशल आर्टिकल में हम आपको टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत के टॉप-5 आंकड़ों के बारे में बताते हैं।
1. श्रीलंका ने केन्या को 172 रनों से हराया (2007)
टी-20 वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड आज भी श्रीलंका की टीम के नाम दर्ज है। ये उपलब्धि उन्हें पहले ही वर्ल्ड कप 2007 में केन्या के खिलाफ मिली थी जब उन्होंने इस टीम को 172 रनों के बड़े अंतर से हराया था। 17 साल बीत जाने के बाद भी इस रिकॉर्ड को कोई टीम चुनौती नहीं दे पाई है। अब 2026 में प्रवेश करते हुए ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई टीम इस लंबे समय से कायम रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल होती है या नहीं।
2. वेस्टइंडीज ने युगांडा को 134 रनों से हराया (2024)
वेस्टइंडीज की खतरनाक टीम इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान युगांडा के खिलाफ मैच में 134 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी जो कि टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
3. साउथ अफ्रीका ने स्कॉटलैंड को 130 रनों से हराया (2009)
इस लिस्ट में साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे स्थान पर है। उन्होंने 2009 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड को 130 रनों से पटखनी दी थी और उनकी ये जीत आज भी रनों के लिहाज से टॉप-3 जीतों में आती है।
4. अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को 130 रनों से हराया (2021)
अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम भी इस लिस्ट में चौथे स्थान पर है। उन्होंने साल 2021 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान स्कॉटलैंड पर 130 रनों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।
5. अफगानिस्तान ने युगांडा को 125 रनों से हराया (2024)
अफगानिस्तान की टीम ही लिस्ट में पांचवें स्थान पर भी है। इस टीम ने साल 2024 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान युगांडा को 125 रनों के बड़े अंतर से हराया था जो कि आज भी रनों के लिहाज से टी-20 वर्ल्ड कप में पांचवीं सबसे बड़ी जीत है।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की बात करें तो टीम इंडिया भी रनों के लिहाज से दर्ज सबसे बड़ी जीतों की सूची में शामिल है। हालांकि, भारतीय टीम का स्थान शीर्ष पांच में नहीं आता। इस सूची में उसका स्थान नौवां है। बावजूद इसके, भारतीय टीम हमेशा से टी-20 वर्ल्ड कप में मजबूत दावेदार रही है और 2026 संस्करण में भी उससे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।