Imran Khan Charity Match 1992: India-Pakistan Clash: क्रिकेट की दुनिया में कुछ रिश्ते स्कोरकार्ड, जीत-हार और राइवलरी से कहीं आगे होते हैं। हाल ही में क्रिकेट की दुनिया के कई दिग्गजों ने पाकिस्तान के प्रधानंमत्री से जेल में बंद पाक के पूर्व कप्तान इमरान खान के लिए मानवीय व्यवहार और जरूरी मेडिकल मदद सुनिश्चित करने की अपील की। जो आगे बढ़कर उनके लिए अपील करने आए, उनमें सुनील गावस्कर और कपिल देवन जैसे दिग्गज भी शामिल थे।
दिलचस्प बात यह है कि इमरान और भारतीय क्रिकेट के बीच यह मानवीय रिश्ता नया नहीं है। तीन दशक पहले कपिल देव समेत कई भारतीय स्टार खिलाड़ी और पाकिस्तानी दिग्गज एक ही मैदान पर इमरान खान के कैंसर हॉस्पिटल के लिए धन जुटाने उतरे थे। ये मुकाबला किसी हार जीत या ट्रॉफी के लिए नहीं बल्कि इसका मकसद इंसानियत था।
साल था 1992 और लंदन के क्रिस्टल पैलेस नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में इमरान खान के कैंसर अस्पताल के लिए एक चैरिटी मैच आयोजित किया गया। इस मुकाबले को देखने स्टेडियम में 16 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे क्योंकि मैच में सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, वसीम अकरम, वकार यूनिस जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल थे।
मैच के दौरान फैंस द्वारा कई बार मैदान में घुसने की घटनाएं हुईं। इसके कारण आयोजकों ने मैच को पहले प्रति पारी 42 ओवर से घटाकर 40 ओवर किया और बाद में इसे 35 ओवर तक सीमित कर दिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 220 रन का लक्ष्य रखा। भारत की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए कपिल पाकिस्तान के धाकड़ गेंदबाज अकमर,यूनिस पर जमकर बरसे और 97 गेंदों 133 रन की पारी खेली। जिससे टीम मजबूत स्कोर तक पहुंची।
इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में धमाल मचाते हुए अपने 5 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए थे।
लेकिन ये मुकाबला अपने अंत तक नहीं पहुंच पाया।
चौथी बार फैंस के मैदान में घुसने के बाद स्टैंड में झड़पें शुरू हो गईं। इसके बाद मैच रद्द कर दिया गया और उस समय पाकिस्तान 4 विकेट पर 152 रन बना चुका था। जिसमें जावेद मियांदाद ने नाबाद 55 रन और रमीज़ राजा ने 61 रन का योगदान दिया था। पाकिस्तान को जीत के लिए 7.4 ओवर में 69 रन और बनाने थे, जो थोड़ा मुश्किल था।
Also Read: LIVE Cricket Score
भले ही मैच पूरा नहीं हुआ लेकिन मकसद पूरा हुआ और इमरान के कैंसर हॉस्पिटल के लिए करीब एक लाख पाउंड जुटे।