IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। दूसरा मुकाबला 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला जाएगा। इस सीरीज से पहले आइए नजर डालते हैं उन पांच भारतीय बल्लेबाजों पर, जिन्होंने श्रीलंका में टेस्ट शतक लगाया है।
1. विनोद कांबली
पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली ने 1993 के श्रीलंका दौरे पर शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 249 रन बनाए और दो शतक जड़े। दूसरे टेस्ट में कोलंबो (SSC) में उन्होंने 220 गेंदों पर 125 रन की बेहतरीन पारी खेली थी।
2. सदागोप्पन रमेश
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज सदागोप्पन रमेश ने अपने टेस्ट करियर के दो शतकों में से पहला श्रीलंका में लगाया था। उन्होंने फरवरी 1999 में एशियन टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान कोलंबो (SSC) में 214 गेंदों पर 143 रन की शानदार पारी खेली थी।
3. हार्दिक पांड्या
भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टेस्ट क्रिकेट ज्यादा नहीं खेले, लेकिन उनका इकलौता टेस्ट शतक श्रीलंका में आया। 2017 में पल्लेकेले टेस्ट में उन्होंने सिर्फ 96 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली थी। उस पारी में हार्दिक ने आक्रामक बल्लेबाजी से श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी।
4. सुरेश रैना
पूर्व भारतीय बाएं हाथ के मिडल ओडर बल्लेबाज सुरेश रैना का टेस्ट करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बना दिया था। 2010 में कोलंबो (SSC) में श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में रैना ने पहली पारी में 228 गेंदों पर 120 रन बनाए थे। यही उनके टेस्ट करियर का एकमात्र शतक भी रहा।
5. नवजोत सिंह सिद्धू
पूर्व भारतीय ओपनर नवजोत सिंह सिद्धू ने श्रीलंका में दो टेस्ट शतक लगाए थे। 1993 में कोलंबो (SSC) टेस्ट में उन्होंने 268 गेंदों पर 104 रन बनाए थे। इसके बाद 1997 में कोलंबो (RPS) में उन्होंने 200 गेंदों पर 111 रन की एक और शानदार पारी खेली। श्रीलंका में सिद्धू ने पांच टेस्ट मैचों में 381 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की मौजूदा टीम एक बार फिर श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। ऐसे में फैंस को उम्मीद होगी कि इस बार भी कोई भारतीय बल्लेबाज श्रीलंका की धरती पर यादगार शतकीय पारी खेलकर इस खास लिस्ट में अपना नाम जोड़ दे।